यूपी विधानसभा चुनाव में जीत की पटकथा नौ माह पहले इलाहाबाद में ही लिखी गई थी। यहां 12 और 13 जून को हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तकरीबन सभी केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पदाधिकारियों ने शिरकत की थी। इस दौरान यूपी चुनाव को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई थी। हालांकि भाजपा नेताओं ने अपनी रणनीति को लेकर किसी से भी चर्चा नहीं की थी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, नितिन गडकरी, अनंत कुमार, जेपी नड्डा, रवि शंकर प्रसाद, यशवंत सिन्हा, मुख्तार अब्बास नकवी, पीयूष गोयल, सुरेश प्रभू, केशव प्रसाद मौर्य, योगी आदित्यनाथ, सतपाल महाराज के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, रमन सिंह, वसुंधरा राजे, आनंदीबेन पटेल, रघुवर दास, देवेंद्र फणनवीस, मनोहर लाल खट्टर आदि की मौजूदगी में यूपी चुनाव पर दो दिन चर्चा की। हर एक नेता को उनकी जिम्मेदारी दी गई। इस बैठक के पूर्व ही भाजपा के सांसद केशव प्रसाद मौर्य को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।