उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा न सिर्फ मुख्यमंत्री पद का चेहरा पेश करेगी, बल्कि आधा दर्जन दिग्गज केंद्रीय नेताओं को अलग-अलग अहम जिम्मेदारी भी सौंपेगी। चेहरा और नेताओं को दी जाने वाली जिम्मेदारी पर मंथन जारी है। जिम्मेदारी दिए जाने के क्रम में एक सुझाव यह भी है कि राज्य को अलग-अलग जोन में बांट कर नेताओं को अलग-अलग प्रभार दिया जाए।
इसके अलावा अलग-अलग जोन के लिए स्थानीय मुद्दों के साथ परिस्थितियों के हिसाब से अलग-अलग मुद्दे भी चुने जाएं। जिन नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने पर मंथन चल रहा है, उनमें सरकार में शामिल राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और संगठन के कुछ दिग्गजों के नाम हैं। इसके अलावा यूपी से मंत्रिमंडल में शामिल अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारी दी जाएगी।