फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी उपचुनाव: वोटरों ने दिखाई बेरुखी, फूलपुर-गोरखपुर में बीते तीन दशक का सबसे कम मतदान

Sun, 11 Mar 2018 08:44 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
bypoll
विज्ञापन

फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए रविवार को हुए मतदान में बीते तीन दशक में सबसे कम मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक फूलपुर में जहां 37.39 प्रतिशत मतदान हुआ वहीं गोरखपुर में 43 प्रतिशत वोट पड़े।

विज्ञापन


मतदाताओं की उदासी ने चुनाव परिणाम को लेकर भाजपा, सपा, कांग्रेस के नेताओं की चिंता बढ़ा दी है। मतदान प्रतिशत के रुझान से दोनों सीटों पर भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे से खाली हुई गोरखपुर लोकसभा सीट पर रविवार को तमाम कोशिशों के बावजूद मतदान प्रतिशत 43 प्रतिशत तक सिमट कर रह गया। वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के इस्तीफे से खाली हुई फूलपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा, सपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और सरकार के हर संभव जतन के बाद भी मतदाताओं ने मतदान में रुचि नहीं दिखाई।
विज्ञापन


फूलपुर में भी तीन दशक में अब तक का सबसे कम 37.39 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पहले 2009 के लोकसभा चुनाव में फूलपुर में सबसे कम 38.17 और गोरखपुर में 44.27 प्रतिशत मतदान हुआ था।

114 वीवीपैट मशीनों में हुई तकनीकी खराबी
ईवीएम से मतदान को पारदर्शी बनाने के लिए लागू की गई वीवीपैट मशीनों ने भी रविवार को हुए उपचुनाव में धोखा दे दिया। फूलपुर और गोरखपुर में 114 वीवीपैट मशीनें खराब हो गई। ईवीएम की 41 बैलेट यूनिट और 38 कंट्रोल यूनिट भी तकनीकी खामी के चलते बदलना पड़ा।

स्विप की खुली पोल
निर्वाचन आयोग की ओर से फूलपुर और गोरखपुर में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरुक करने के लिए स्विप के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू सहित अन्य अधिकारियों ने भी दोनों जिलों का दौरा कर मतदान प्रतिशत बढ़ाने की बात की। लेकिन दोनों सीटों पर बीते तीन दशक का सबसे कम मतदान हुआ।

665 कैमरों से रखी नजर
फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में कुल 4296 मतदान केन्द्रों पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए 280 माइक्रो ऑब्जर्वर, 289 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 39 जोनल मजिस्ट्रेट और 20 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर 665 कैमरों से मतदान पर निगरानी रखी गई। 95 पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई गई।
विज्ञापन


चुनाव वर्ष    फूलपुर     गोरखपुर
2014        50.16            54.65
2009        38.17            44.27
2004        53.58            48.13
1999        58.38            52.21    
1998        57.61            51.21
1996        47.90            46.47
1991        47.80            53.07
1989        54.39            54.77

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें