उन्नाव दुष्कर्म मामले में कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत और सजा निलंबन को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार यानी 29 दिसंबर को सुनवाई करेगा। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता में पीठ मामले पर फैसला करेगी।
उन्नाव दुष्कर्म केस में दोषी ठहराए गए और आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को राहत देने वाले दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर अब सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार, 29 दिसंबर को शीर्ष अदालत सीबीआई की उस याचिका पर विचार करेगी, जिसमें सेंगर की सजा निलंबन और जमानत को चुनौती दी गई है।
अरावली पर्वतमाला मामले में कल सुप्रीम सुनवाई
अरावली पर्वतमाला मामले में सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। कोर्ट ने मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ सुनवाई करेगी। पीठ में सीजेआई के अलावा जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह होंगे। अरावली दुनिया की सबसे पुरानी पर्वत शृंखलाओं में से एक है, जो 700 किलोमीटर लंबी है। यह दिल्ली-एनसीआर को थार रेगिस्तान की धूल और मरुस्थलीकरण से बचाने वाली प्राकृतिक ढाल है। हाल में सरकार की 100 मीटर ऊंचाई वाली नई परिभाषा पर भारी विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद अरावली को लेकर कई इलाकों में प्रदर्शन किए गए। हालांकि, केंद्र सरकार लगातार कह रही कि अरावली को किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। सरकार ने अरावली की अखंडता बचाने का वादा किया है। सरकार का लक्ष्य अनियमित माइनिंग को पूरी तरह रोकना है।