Madan Sharma, retired Navy officer
- फोटो : ANI
मुंबई में पूर्व नौसेना अधिकारी की मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। आज केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पू्र्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा से मिलने उनके घर गए। दरअसल, 11 सितंबर को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने पूर्व नौसेना अधिकारी की पिटाई की थी।
वहीं पूर्व नौसैनिक अधिकारी मदन शर्मा ने उद्धव सरकार से अपील की है कि अगर आप सरकार नहीं चला सकते हैं तो कृपा करके इस्तीफा दे दें। ऐसे लोगों को चयनित किया जाए तो कम से कम महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था दुरुस्त रख सकें। 11 सितंबर को शिवसैनिकों ने मदन शर्मा की खूब पिटाई की थी क्योंकि मदन शर्मा की ओर से उद्धव ठाकरे की आलोचना वाले कार्टून को व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड किया गया था।
इ्स हमले में मदन शर्मा को कई चोटें आई थीं, इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार जरूर किया था लेकिन शनिवार को ही इनकी जमानत कर दी गई थी। आरोपियों को जमानत देने के बाद पीड़ित पूर्व नौसेना अधिकारी मदन शर्मा की बेटी ने भाजपा नेताओं के साथ मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
इससे पहले नौसेना के पूर्व अधिकारी की बेटी ने कहा कि 'एक वरिष्ठ नागरिक पर हमला किया गया है, पुलिस को पता होना चाहिए कि आरोपियों को किस धारा के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें हत्या के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। यह गैर-जमानती होनी चाहिए।'
वहीं, सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी मदन शर्मा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से शनिवार को कहा कि 'हमारे देश में, हर व्यक्ति को अपनी अभिव्यक्ति जाहिर करने की स्वतंत्रता है और व्हाट्सएप लोगों से जुड़े रहने और जानकारी साझा करने का एक माध्यम है। सरकार को संदेश के स्रोत की पहचान करने के लिए उपाय करना चाहिए, जहां से यह उत्पन्न होता है।