केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने इस बात की जानकारी खुद ट्वीट करके दी।
खुद को किया आइसोलेट
गडकरी ने ट्वीट कर कहा, कल मैं खुद को कमजोर महसूस कर रहा था और अपने डॉक्टर से परामर्श किया। मेरे चेकअप के दौरान मुझे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। मैं फिलहाल सभी लोगों के आर्शीवाद और शुभकामनाओं की वजह से अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।'
जो लोग मेरे संपर्क में आए, वो रहें सावधान
गडकरी ने एक और ट्वीट में कहा, 'मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, वो सावधान रहें और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। सुरक्षित रहें।'
देश में तेजी से बढ़ रहे मामले
कोरोना लगातार न सिर्फ आम लोगों को अपना शिकार बना रहा है बल्कि इसकी जद में नेता, अभिनेता, मंत्री समेत कई बड़े लोग आ रहे हैं। बता दें कि देश में देश में कोरोना के मामले लगातार तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। बुधवार को 90,123 नए मामले सामने आए।
देश में संक्रमितों की संख्या 50 लाख के पार
इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। देश में केवल 11 दिन के अंदर संक्रमित मामले 40 लाख से बढ़कर 50 लाख के पार हो गए हैं। लेकिन, राहत की बात यह है कि बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। आंकड़े के अनुसार, अब तक 39 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं।