केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र सरकार पर तंज कसा है। नितिन गडकरी ने नागपुर में कहा कि मैं पिछले पांच सालों में 17 लाख करोड़ के काम दे चुका हूं। और इस साल में मैं पांच लाख करोड़ का काम कराना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि "मैं आपको सच बताता हूं पैसे की कोई कमी नहीं है, जो कुछ कमी है वो सरकार में काम करने वाली जो मानसिकता है, जो नकारात्मक रवैया है, निर्णय करने में जो हिम्मत चाहिए, वो नहीं है"।
नितिन गडकरी ने आगे कहा कि मैं हमारे एक सर्वोच्च फोरम में था को नो कह रहे थे यह शुरू करेंगे, वो शुरू करेंगे, तो मैंने उनको कहा आप क्यों शुरू करेंगे? आपकी अगर शुरू करने की ताकत होती तो आप आईएएस ऑफिसर बनके यहां नौकरी क्यों करते?
इसके अलावा नितिन गडकरी ने खिलाड़ियों के समर्थन में नागपुर के कई खेल मैदानों का दौरा किया। नितिन गडकरी ने शनिवार को नागपुर के छत्रपति नगर के एक मैदान में क्रिकेट खेला। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए 'खासदार क्रीड़ा महोत्सव' के तहत अपना समर्थन दिखाने के लिए शहर के कई अन्य मैदानों का भी दौरा किया।
24 जनवरी तक चलने वाले खासदार क्रीड़ा महोत्सव में करीब 38 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस महोत्सव में 32 खेलों को शामिल किया गया है। खासदार क्रीड़ा महोत्सव का यह तीसरा संस्करण है। तीसरे संस्करण के उदघाटन के समय नितिन गडकरी ने कहा था कि मेरा सपना है कि हर सुबह नागपुर के लाखों युवा मैदान पर खेल के माध्यम से पसीना बहाएं।
उन्होंने कहा था कि स्वामी विवेकानंद का आदर्श लेकर युवा आगे बढ़ें और नागपुर के साथ देश की प्रगति के लिए विशेष योगदान दें। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा महोत्सव के तीसरे संस्करण में खिलाड़ियों की भागीदारी निश्चित ही हम सभी को प्रोत्साहित कर रही है। यह आने वाले समय में और व्यापक रूप से आयोजन होगा।
गडकरी ने कहा जिस तरह खेलो इंडिया में प्रतिभावान खिलाड़ी खेलते हैं, उसी तरह यह खेलो नागपुर क्रीड़ा महोत्सव है, जिसमें आप सभी की भागीदारी और योगदान अहम है।