केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने गुजरात की एक वर्चुअल जनसंवाद रैली में पाकिस्तान के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा कश्मीर में लगातार किए जा रहे घुसपैठ पर बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
जावड़ेकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय सुरक्षा बल जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। जावड़ेकर ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में काफी कुछ किया है। उन्होंने इसके लिए जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाने, करतारपुर गलियारे को खोलने, संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) बनाने समेत अन्य प्रमुख उपलब्धियों का हवाला दिया।
वह मोदी सरकार के मई के अंत में दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर डिजिटल माध्यम से गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में जन संवाद को संबोधित कर रहे थे। जावड़ेकर ने कहा, 'भारतीय सुरक्षा बल पिछले एक हफ्ते से जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।'
उन्होंने कहा, 'कई आतंकवादियों को मारा जा चुका है जबकि अभियान के दौरान कुछ को गिरफ्तार किया गया है।' मंत्री ने कहा, 'भारत ने साफ तौर पर बता दिया है कि पाकिस्तान कभी भी अपने नापाक इरादों में सफल नहीं होगा।'
अपने संबोधन में उन्होंने सीएए को पारित कराने, भारत-पाकिस्तान के बीच करतारपुर गलियारा खोलने, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने, जीएसटी लाने, अयोध्या में राम मंदिर का काम शुरू कराने जैसी मोदी सरकार की कई उपलब्धियां गिनवाईं।
जावड़ेकर ने कोरोना वायरस के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' बनाने के संकल्प का भी जिक्र किया।