कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों देश की अर्थव्यवस्था को लेकर लगातार किसी ना किसी व्यक्ति से बात कर रहे हैं। इस कड़ी में राहुल ने कोरोना वायरस संकट के चलते वैश्विक व्यवस्था के नए सिरे से आकार लेने की संभावना पर अमेरिका के पूर्व विदेश उपमंत्री निकोलस बर्न्स से बातचीत की है। दोनों के बातचीत का वीडियो शुक्रवार को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी होगा।
राहुल गांधी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, ‘निकोलस बर्न्स से बातचीत की है कि कैसे कोरोना वायरस संकट वैश्विक व्यवस्था को नए सिरे से आकार दे रहा है। शुक्रवार सुबह 10 बजे मेरे सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जुड़िए।' उन्होंने बर्न्स के साथ की गई बातचीत के कुछ अंश भी जारी किए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना के संकट से निपटने के तरीकों को लेकर अलग अलग क्षेत्रों की हस्तियों के साथ बतचीत कर रहे हैं। इस श्रृंखला में जन स्वास्थ्य पेशेवर आशीष झा और स्वीडिश महामारी विशेषज्ञ जोहान गिसेक, प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री रघुराम राजन और नोबेल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी से बातचीत कर चुके हैं।