सेवानिवृत्त रियर एडमिरल वीके सक्सेना और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट ने रविवार को कहा कि भारत 1962 की स्थिति से बहुत आगे बढ़ चुका है जब चीन के साथ युद्ध हुआ था। उन्होंने कहा कि आज के समय में हम हर क्षेत्र में दुश्मन को करारा जवाब देने में सक्षम हैं। जमीन, धरती और हवा, देश के हर हिस्से की असरदार तरीके से सुरक्षा की जा रही है। भट ने कहा कि चाहे थल सेना हो, वायु सेना हो या नौसेना हो, सभी हर वक्त अलर्ट रहते हैं और देश की सीमाएं उनके हाथों में सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और देश की जनता सदैव उनके साथ खड़ी है।
भट ने कोलकाता में रक्षा पीएसयू गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) की ओर से स्वदेश में डिजाइन किए गए हाइड्रोग्राफिर सर्वे जहाज के उद्घाटन के मौके पर यह बात कही। जीआरएसई के सूत्रों ने बताया कि ये सर्वे जहाज बंदरगाहों और हार्बर पहुंच के तटीय और गहरे पानी के हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण और नौवहन चैनलों और मार्गों का निर्धारण करने में सक्षम हैं। इसके अलावा ये जहाज समुद्री सीमाओं का सर्वेक्षण कर सकते हैं और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए समुद्र संबंधी और भौगोलिक डाटा भी जुटा सकते हैं।