केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम तक 18.40 लाख खुराकें देने के साथ देश में कोविड-19 टीके की अब तक 2.80 करोड़ से ज्यादा खुराकें दी गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक टीके की अभी तक 2,80,05,817 खुराकें दी गईं हैं। इनमें से 72,84,406 स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे के 72,15,815 कर्मियों को पहली खुराक दी गई जबकि 41,76,446 स्वास्थ्यकर्मियों तथा अग्रिम मोर्चे के 9,28,751 कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई।
इसके अलावा 71,69,695 वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न रोगों से ग्रस्त 45 साल से अधिक उम्र के 12,30,704 लोगों को पहली खुराक दी गई है। टीकाकरण अभियान के 56 वें दिन शुक्रवार को रात आठ बजे तक 18,40,897 खुराकें दी गई।
मंत्रालय ने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से 14,64,779 लोगों को पहली खुराक और 3,76,118 स्वास्थ्यकर्मियों तथा अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को दूसरी खुराक दी गई।
सबसे ज्यादा टीका लगाने वाला दुनिया का दूसरा देश बना भारत
बता दें कि कोरोना टीकाकरण को लेकर भारत दुनिया का दूसरा ऐसा देश बन चुका है जहां अब तक सबसे ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। बीते एक मार्च से दूसरा चरण शुरू होने के बाद टीकाकरण में आई तेजी से यह मुकाम हासिल हो सका।
अब अमेरिका दुनिया का पहला देश है जहां अब तक तीन करोड़ से भी ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। जबकि भारत में बृहस्पतिवार तक 2.56 करोड़ लोग वैक्सीन ले चुके हैं। इनके अलावा ब्राजील में अब तक 1.13 करोड़, तुर्की में एक करोड़ और ब्रिटेन में 94 लाख लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 16 जनवरी से देश में कोरोना टीकाकरण शुरू हुआ था। 11 मार्च को 53वें दिन 2,56,90,545 लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। इनमें 60 या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग और 45 से 59 वर्ष की आयु के पहले से बीमार 67,86,086 लोग शामिल हैं।
इनके अलावा 71.97 लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों को अब तक पहली और 40.13 लाख को दूसरी डोज दी जा चुकी है। इनके अलावा 70.55 लाख को पहली और 6.37 लाख फ्रंटलाइन वर्करों को दूसरी डोज लग चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार, अब तक 71.23 फीसदी टीकाकरण सरकारी अस्पतालों में हुआ है। जबकि 28.77 फीसदी टीकाकरण निजी अस्पतालों में हुआ। इनके अलावा वैक्सीन लगने के बाद 0.020 फीसदी दुष्प्रभाव के मामले सामने आए हैं। इनमें से 0.00025 फीसदी को ही अस्पताल में भर्ती करने की नौबत आई है।