मोदी मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार और फेरबदल रविवार को होगा। करीब डेढ़ दर्जन नए चेहरों को जगह मिलेगी और लगभग एक दर्जन मंत्रियों की विदाई भी होगी। अरसे से खाली पड़े पदों को भरने के साथ ही कई मंत्रियों के विभाग भी बदले जाएंगे।
पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान सहित छह राज्यमंत्रियों को कैबिनेट मंत्री के रूप में तरक्की भी मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इसके लिए मंत्रियों के तीन साल के कामकाज और चुनावी राज्यों के समीकरण को आधार बनाया है।
मई, 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी सरकार का यह तीसरा और 2019 के आम चुनाव से पहले संभवत: अंतिम कैबिनेट विस्तार होगा।
पढ़ें: कैबिनेट विस्तार से पहले 6 मंत्रियों के इस्तीफे, रूडी बोले- पार्टी के लिए करूंगा काम
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 10 बजे मंत्रिपरिषद फेरबदल के बाद ब्रिक्स सम्मेलन में शिरकत करने के लिए चीन रवाना हो जाएंगे। विस्तार और फेरबदल पर बृहस्पतिवार को देर रात पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ विचार-विमर्श कर चुके पीएम संभवत: शनिवार को एक बार फिर उनसे इस मामले पर चर्चा करेंगे।
मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा खुद प्रधानमंत्री ने की है। विस्तार में भाजपा के नए साथी जदयू को दो पद और शिवसेना को एक अतिरिक्त पद दिया जाएगा। अन्नाद्रमुक के दोनों गुटों के बीच विलय प्रक्रिया पूरी न होने के कारण उसके कोटे से किसी को मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने पर फिलहाल संशय है। अंत समय में सहमति बनी तो अन्नाद्रमुक को तीन पद दिए जाएंगे।
पढ़ेंः- कैबिनेट विस्तार से पहले 6 मंत्रियों के इस्तीफे, रूडी बोले- पार्टी के लिए करूंगा काम
विस्तार से पहले 7 मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं, जबकि पांच अन्य को भी इस्तीफा देने का निर्देश दे दिया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी, जल संसाधन मंत्री उमा भारती, जल संसाधन राज्य मंत्री संजीव बालियान, मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री महेंद्रनाथ पांडे, स्वास्थ्य राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते पहले ही इस्तीफा सौंप चुके हैं। इसी बीच केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय ने कैबिनेट विस्तार से पहले शुक्रवार की शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
Bandaru Dattatreya, Minister of State for Labour & Employment (Independent Charge) resigns from his post ahead of Sept 3 cabinet reshuffle. pic.twitter.com/EjwXBLe58X
— ANI (@ANI) September 1, 2017
हालांकि, निर्मला सीतारमण, कलराज मिश्र, राधामोहन सिंह, जेपी नड्डा, बंडारू दत्तात्रेय सहित कुछ अन्य मंत्रियों को भी ऐसी ही स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।