संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की ताजा रिपोर्ट ने युवाओं को लेकर बनी इस धारणा को चुनौती दी है कि आज की पीढ़ी शादी और परिवार बसाने से दूर भाग रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, युवा शादी करना और बच्चे पैदा करना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक असुरक्षा उनके रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन रही है। 73 देशों के 1,08,926 युवाओं पर किए गए सर्वे में सामने आया कि ज्यादातर युवा शादी को अपनी आदर्श जीवन व्यवस्था मानते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवा जीवनसाथी चुनने और शादी करने का फैसला इसलिए टाल रहे हैं, क्योंकि उनके पास आर्थिक स्थिरता और अपना घर जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
स्कूलों में लड़कियों की पढ़ाई को लेकर क्या तस्वीर सामने आई?
शिक्षा के क्षेत्र में शुरुआती कक्षाओं में लड़के और लड़कियों के बीच लगभग समानता दिखाई देती है, लेकिन आगे की पढ़ाई में कुल नामांकन दर घट जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, कक्षा 6 से 8 तक शुद्ध नामांकन दर 86 फीसदी है और इसमें लड़के-लड़कियों की संख्या लगभग बराबर है। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक पहुंचते-पहुंचते यह दर गिरकर 58 फीसदी रह जाती है। इस स्तर पर भी लड़के और लड़कियों के नामांकन में लैंगिक समानता बनी हुई है। रिपोर्ट का यह आंकड़ा बताता है कि स्कूल के शुरुआती स्तर पर बच्चों की भागीदारी अच्छी होने के बावजूद उच्च कक्षाओं तक पहुंचते-पहुंचते पढ़ाई जारी रखने की चुनौती सामने आती है।
युवाओं ने सरकारों और संस्थाओं से क्या मांग की?
रिपोर्ट में युवाओं ने साफ संदेश दिया है कि उनके लिए नीतियां बनाने के बजाय उन्हें नीति निर्माण में शामिल किया जाए। युवा नेताओं का कहना है कि बैठकों में केवल बुला लेने से उन्हें अधिकार या निर्णय लेने की ताकत नहीं मिलती। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलनों यानी कॉप के राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों में कम से कम 20 फीसदी युवा भागीदारी अनिवार्य करने की मांग की है। साथ ही, किसी भी नीति को लागू करने से पहले यह जांचने की जरूरत बताई है कि उसका आने वाली पीढ़ियों पर क्या असर होगा। युवाओं ने ऑनलाइन उत्पीड़न रोकने के लिए टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म की कानूनी जवाबदेही भी तय करने की मांग की है।
दुनिया के कितने युवा न पढ़ाई में हैं, न नौकरी में?
रिपोर्ट ने वैश्विक स्तर पर युवाओं के रोजगार और शिक्षा से अलग होने की समस्या भी उजागर की है। दुनिया में 15 से 24 वर्ष की उम्र का हर पांच में से एक युवा नीट श्रेणी में है। इसका मतलब है कि ये युवा न तो पढ़ाई कर रहे हैं, न कोई प्रशिक्षण ले रहे हैं और न ही रोजगार में हैं। पुरुषों में यह दर करीब 13 फीसदी पर बनी हुई है, जबकि महिलाओं और युवतियों में 27 फीसदी से अधिक है। यानी महिलाओं में यह समस्या पुरुषों के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है। कुल मिलाकर रिपोर्ट बताती है कि युवा शादी, परिवार और स्थिर जीवन चाहते हैं, लेकिन आर्थिक असुरक्षा, रोजगार की कमी और सामाजिक चुनौतियां उनके फैसलों को प्रभावित कर रही हैं।