उबर ने अपने चालकों के लिए कुछ दिनों पहले ही आदर्श व्यवहार का दिशानिर्देश जारी किया था। इसके एक हफ्ते बाद ही उबर चालक द्वारा महिला यात्री से छेड़छाड़ की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया है कि बुधवार को यात्रा के दौरान उबर ड्राइवर ने उसके साथ बदसलूकी की।
पहले तो ड्राइवर ने उससे बातें करनी शुरू की फिर उसके बाद उसे डराने और धमकाने लगा। ड्राइवर की हरकतें यहीं खत्म नहीं हुई उसने महिला को कैब से बाहर फेंक दिया। उसके बाद भी ड्राइवर ने महिला यात्री का पीछा करना जारी रखा। महिला किसी तरह खुद को छिपाने में कामयाब रही।
पोस्ट के माध्यम से महिला ने बताया कि ड्राइवर शुरुआत से ही जबरदस्ती बात करने की कोशिश कर रहा था। उसके प्रश्न संदेह पैदा कर रहे थे। उसने पूछा आप कहां रहती हैं और कहां की हैं। आप दिल्ली की नहीं लगतीं। जब महिला ने फिर भी बात नहीं की तो उसने कहा ऐसी भी क्या नाराजगी। आप कुछ नहीं बोल रहे हो।
ड्राइवर की हरकतों को अनदेखा करने के लिए महिला ने फोन पर बात करनी शुरू कर दी। इसके बाद ड्राइवर ने रेडियो की आवाज तेज कर दी और लापरवाही से कैब चलाने लगा।
महिला ने पूरे मामले की शिकायत उबर ऐप पर की। शिकायत के बाद महिला के पास अपरिचित नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति से शिकायत करने पर उसने कहा कि ड्राइवर ने आपके खिलाफ शिकायत की है। बाद में जब महिला ने अपने दोस्त से उसी नंबर पर फोन करवाया तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वो ड्राइवर है।
इस मामले पर उबर का कहना है कि पहला फोन जो महिला के पास गया था वो उबर का नहीं था। हो सकता है ड्राइवर ने उसे फोन किया हो। उबर ने कहा की यात्री की फेसबुक पोस्ट में कई कमियां है। हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।