टाटा संस के मानद अध्यक्ष रतन टाटा ने कहा कि महामारी के इस वक्त में आंत्रप्रेन्योर को अपने स्टार्टअप्स को सक्षम बनाने के लिए नए तरीके अपनाने होंगे। संकट से उबरकर दौड़ में बने रहने के लिए नए रास्ते तलाशने होंगे। ये नए तरीके आने वाले कल के लिए बेंचमार्क या नए मानक बनेंगे।
मौजूदा वक्त की चुनौतियों व कठिनाइयों को मैं कम करके नहीं आंकना चाहता। यह कोरे कागज पर नई इबारत लिखने जैसा हो सकता है, जिसमें काम के ऐसे तरीकों पर ध्यान देना होगा जिसके बारे में पहले कभी सोचा नहीं गया होगा। इससे पहले भी बुरे समय में आत्रप्रेन्योर्स ने दूरदर्शिता दिखाई, ऐसी चीजें तैयार की हैं, जिनके बारे में सोचा भी नहीं जा सकता था।
आज वे चीजें बेहद अहम हैं और नई तकनीक के नाम से जानी जाती हैं। अतीत में कठिन समय में उद्यमियों ने अविश्वसनीय दूरदर्शिता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया है। वे आज इनोवेशन व नई तकनीक के ध्वजवाहक बन गए हैं।