एआईएडीएमके के नेता टीटीवी दिनाकरण ने गुरुवार को अन्नाद्रमुक के चुनाव चिह्न विवाद पर चुनाव आयोग के पिछले दिनों आए फैसले के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा फिर से खटखटाया है। कोर्ट ने मामले की सुनवाई की याचिका को मंजूर कर लिया है और माना जा रहा है कि दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले को सुनवाई कल कर सकता है। बता दें कि पिछले दिनों निर्वाचन आयोग ने मुख्यमंत्री पलानीसामी और उनके डिप्टी ओ पनीरसेल्वम की अगुवाई वाली एकीकृत एआईएडीएमके को दो पत्ते को चुनाव चिह्न आवंटित किया था।
चुनाव चिन्ह मामले में दिनाकरण ने आरोप लगाया था कि केंद्र की इच्छा अनुसार चुनाव आयोग ने पक्षपातपूर्ण ढंग से काम किया है। दिनाकरण ने ये भी कहा था कि चुनाव आयोग ने पारदर्शिता के साथ काम नहीं किया है। हम उनके फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और जीत हमारी होगी। पार्टी कार्यकर्ता और लोग हमारे साथ हैं।
पढ़ें: शशिकला गुट को बड़ा झटका, AIADMK का चुनाव चिन्ह पलानीसामी गुट के पास रहेगा
गौरतलब है कि दो फाड़ में बंट चुकी अन्नाद्रमुक पार्टी में वी के शशिकला और उसके गुट को बड़ा झटका देते हुए चुनाव आयोग ने कहा था कि पार्टी का दो पत्तियों वाला चुनाव चिन्ह मुख्यमंत्री पलानीसामी के गुट का ही रहेगा। दूसरी तरफ एआईएडीएमके घूस मामले की सुनवाई करते हुए पिछले दिनों दिल्ली कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को टीटीवी दीनाकरण के खिलाफ चार्जशीट फाइल न करने को लेकर लताड़ भी लगाई थी।