Vice Presidential Polls: 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में जेल में बंद दो लोकसभा सांसद भी मतदान कर सकेंगे। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला से सांसद शेख अब्दुल राशिद और पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह भी इस चुनाव में पात्र मतदाता हैं।
आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा के कम से कम दो सांसद डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) के जरिए अपना वोट डालेंगे। यह चुनाव 9 सितंबर को होगा और यह पद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के पिछले महीने अचानक इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। नियमों के अनुसार, केवल वे सांसद जो निरोधात्मक हिरासत (प्रिवेंटिव डिटेंशन) में हैं, वे ही डाक मतपत्र से वोट दे सकते हैं। इन दोनों सांसदों में शेख अब्दुल राशिद (बरामूला)- आतंकी फंडिंग मामले में ट्रायल का सामना कर रहे हैं और तिहाड़ जेल में बंद हैं। जबकि अमृतपाल सिंह (खडूर साहिब)- राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं।
9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान
जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग को संबंधित सरकार नाम, हिरासत का स्थान और जरूरी जानकारी भेजेगी, जिसके बाद आयोग मतपत्र भेजेगा। बाकी सभी सांसदों को 9 सितंबर को संसद भवन में बने मतदान केंद्र पर वोट देना होगा।
विज्ञापन
एनडीए के पास उपराष्ट्रपति चुनाव में बढ़त
उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य (नामांकित सदस्य समेत) मतदान करते हैं। इस बार 781 सदस्य वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें से एनडीए के पास कम से कम 422 सदस्यों का समर्थन है, जो इस चुनाव में गठबंधन के लिए एक बड़ी बढ़त देता है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में नहीं लागू होता है पार्टी का व्हिप
बता दें कि इस चुनाव में पार्टी व्हिप लागू नहीं होता और मतदान गुप्त मतपत्र से होता है। वहीं अभी तक न तो एनडीए और न ही विपक्षी इंडिया गठबंधन ने अपने उम्मीदवार की घोषणा की है।