फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Rain: डेढ़ घंटे की बारिश में डूबी दिल्ली की सड़कें, लगा घंटो जाम; क्या खतरे के निशान को पार करेगी यमुना?

Thu, 14 Aug 2025 03:17 PM IST
बशु जैन डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारी बारिश के चलते दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 अगस्त तक ऐसी ही तेज बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
Delhi Rain - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह से हुई तेज बारिश ने एक बार फिर सिस्टम और सरकार के दावों की पोल खोल दी है। दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव होने से सबसे ज्यादा परेशानी सुबह ऑफिस जाने वाले और स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई। भारी बारिश के चलते दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 अगस्त तक ऐसी ही तेज बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन भी हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन


दिल्ली तेज बारिश के चलते कई इलाकों में लोगों की गाड़ियां और बसें बंद हो गई और कुछ जगहों पर तो स्कूटर-रिक्शा तक बहने की नौबत आ गई। जगह-जगह जलभराव से लोग घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे। कई जगहों पर नालों का गंदा पानी सड़क पर आ गया, जिससे बदबू और बीमारियों का डर भी बना हुआ है। कई दुकानों और घरों में पानी घुसने की वजह से लोग बाल्टी और मग से पानी निकालते नजर आए। गुरुवार को हुई बारिश के कारण हुए जलभराव ने सरकार के सरकारी दावों की पोल खोल कर रख दी, जहां दिल्ली सरकार और पीडब्ल्यूडी ने यह कहा था कि अब बारिशों में सड़कों पर पानी नहीं भरेगा, लेकिन ऐसा कुछ सड़कों पर नजर आता नहीं दिखा है।

इस बीच दिल्ली में बारिश को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कालकाजी की घटना पर दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा का इस्तीफा मांगा हैं। कालकाजी के हंसराज सेठी मार्ग पर हुई मौत पर नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है। आतिशी ने लिखा, 'हंसराज सेठी मार्ग पर बरसात में पेड़ गिरने से आज एक युवा की मौत हो गई है। एक लड़की अपनी ज़िन्दगी के लिए लड़ रही है। इस बरसात में भाजपा की नाकामी की वजह से कई दिल्ली वाले अपनी जान गवां चुके हैं। इसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा? मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को तुरंत प्रभाव से पीडब्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा जी को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए।'
विज्ञापन


दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि मौसम खराब होने और लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर जाम लगा हुआ है। ऐसे में हम एयरपोर्ट आने वाले सभी यात्रियों से अनुरोध करेंगे कि वह सड़क मार्ग की जगह दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें ताकि वो ट्रैफिक जाम में ना फंसे। फ्लाइट से जुड़ी तमाम जानकारियों के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क किया जा सकता है।
 
आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया
दिल्ली-एनसीआर के लिए आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भारी बारिश हुई थी, जिसके कारण मंगलवार को कई उड़ानें देरी से और रद्द हुईं। उत्तर प्रदेश के लिए, मौसम विभाग ने कई उत्तरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें बरेली, लखीमपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा और महाराजगंज में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। देश भर में, मानसून की सक्रियता तेज हो गई है, जिसके कारण आईएमडी ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

फुहारों के बीच मनेगा स्वतंत्रता दिवस
राजधानी में इस बार स्वतंत्रता दिवस बारिश की फुहारों के बीच मनेगा। ऐसे में मौसम खुशनुमा रहेगा। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को अलग-अलग हिस्सों में एक हफ्ते तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 व 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा
इस बीच दिल्ली में यमुना का पानी बीते कल से लगातार बढ़ रहा है। बुधवार शाम को यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर को पार कर गया। यदि यही स्थिति रही तो यह खतरे के निशान 205.35 मीटर को पार कर सकती है। निचले हिस्से में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन उन्हें सतर्क रहने को कहा है। आवश्यकता अनुसार इन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की भी तैयारी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही वर्षा से दिल्ली में यमुना के जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार शाम को लोहा पुल के पास नदी का पानी इस मानसून में दूसरी बार चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के ऊपर पहुंच गया है। इससे पहले सात अगस्त को सुबह नदी का पानी चेतावनी स्तर से ऊपर गया था।

इसके बाद से लगातार गिरावट आ रही थी, लेकिन मंगलवार से इसमें वृद्धि शुरू हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि हथनी कुंड से प्रति घंटे 17 हजार क्यूसेक लेकर से 20 क्यूसेक तक पानी छोड़ा जा रहा है। शाम छह बजे यमुना का जलस्तर 204.54 मीटर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम, अभियंता और राहतकर्मियों को 24x7 मैदान में सक्रिय रहने को कहा गया हैं। सभी बैराज, रेगुलेटर, पंपिंग स्टेशनों और जल निकासी प्रणालियों की निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन दल के प्रतिनिधि निचले क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। लोगों से नदी के तट से दूर रहने की अपील की जा रही है। कुछ निचले हिस्से में घरों तक भी पानी पहुंच रहा है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें