मंगलूरू ऑटोरिक्शा विस्फोट मामले में घायल रिक्शाचालक और आरोपी।
- फोटो : सोशल मीडिया
मेंगलुरु विस्फोट मामले में मैकेनिकल इंजीनियरिंग का छात्र हिरासत में
मंगलूरू में हुए ऑटो-रिक्शा विस्फोट मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को एक मैकेनिकल इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र को हिरासत में लिया है। कॉलेज के एक कर्मचारी ने बताया कि 'एनआईए के अधिकारी गुरुवार सुबह कॉलेज आए थे। जिसके बाद उन्होंने विस्फोट के संबंध में एक छात्र से पूछताछ करने के लिए उसे हिरासत में लिया है। हिरासत में लिया गया छात्र कॉलेज में सातवें सेमेस्टर का छात्र है जो कि मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है।
गौरतलब है कि विस्फोट का मुख्य आरोपी मोहम्मद शारिक शिवमोग्गा जिले के तीर्थहल्ली का रहने वाला है। वह 19 नवंबर को एक ऑटोरिक्शा में कुकर में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ले जा रहा था। उसी समय मंगलुरू के बाहरी इलाके में विस्फोट हुआ था। विस्फोट में शारिक 45 प्रतिशत जल गया था, जबकि ऑटोरिक्शा चालक भी घायल हो गया था। मुख्य आरोपी का इलाज कर्नाटक के मंगलुरु के फादर मुलर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया जा रहा है।
पुलिस ने इसको आतंकी घटना करार दिया था और शारिक को मुख्य संदिग्ध बताते हुए यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया था। कर्नाटक सरकार ने केंद्र से घटना की जांच एनआईए से कराने की मांग की थी। जिसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।