केरल में मल्लपुरम निवासी इब्राहिम पुल्लाट्टी (36) और तमिलनाडु के तिरुपुर के रहने वाले गौतम बी विश्वनाथन (27) ने अपनी गैरकानूनी गतिविधियों के संचालन के लिए शहर के छह इलाकों में 32 डिवाइस फिट की थी।
कर्नाटक में बंगलूरू पुलिस की आतंकवाद निरोधक सेल और सैन्य खुफिया विभाग ने एक संयुक्त ऑपरेशन में एक अवैध फोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग अंतरराष्ट्रीय फोन कॉलों को स्थानीय कॉल में बदल देते थे। इससे राजस्व का काफी नुकसान हो रहा था। साथ ही देश की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 32 सिम बॉक्स डिवाइस बरामद हुआ है जिसमें एक बार में 960 सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
उनके इस काम से न केवल सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था बल्कि यह देश की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा था। हालांकि पुलिस ने यह नहीं बताया कि दोनों को कब गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इस रैकेट में अन्य लोगों के शामिल होने से इनकार नहीं किया है। बंगलूरू पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 30000 रुपये का इनाम देने का एलान किया।