भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बुधवार को इंडिगो के दो विमान हवा में आपस में टकराने से बाल-बाल बच गए। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि कोलकाता के एटीसी की सूझबूझ से संभावित टक्कर से महज 45 सेकेंड पहले यह बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने एक विमान के पायलट को दाएं घुमाकर दूसरे विमान से दूर जाने का निर्देश दिया, जो ठीक उसी वक्त पहले विमान के स्तर पर आ गया था। अधिकारी ने बताया कि एक विमान चेन्नई से गुवाहाटी जा रहा था, जबकि दूसरा विमान गुवाहाटी से कोलकाता जा रहा था।
दोनों विमान शाम करीब 5:10 बजे हवा में एक-दूसरे के करीब आ गए थे। दोनों विमान उस वक्त 35000 और 36000 फुट की ऊंचाई पर थे। उधर, इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा है कि उसके पास अभी ऐसे कोई सूचना नहीं है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी ने बताया कि प्रक्रिया के तहत इस मामले की जांच कराई जाएगी।