सोने की तस्करी मामले में एयर इंडिया एसएटीएस के दो कर्मचारी समेत कुल तीन लोगों को कस्टम अधिकारियों ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। तस्करी किए जाने वाले सोने की कीमत 72.5 लाख रुपये है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कस्टम विभाग ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दो सोना तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से छह किलो से ज्यादा सोना बरामद किया। इसकी कीमत 3.26 करोड़ रुपये है। तस्कर इससे पहले भी रेलवे द्वारा सोने की तस्करी कर चुके हैं। विदेश से मंगाया गया सोना म्यांमार और बांग्लादेश सीमा के माध्यम से भारत में लाया गया था।
मामले का विवरण देते हुए विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सोमवार को अबू धाबी से आने वाले एक यात्री को कस्टम अधिकारियों ने रोका।
पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथ दो चमकीले रंग के पैकेट में करीब 1.48 किलो सोना लेकर आया जिसे उसने विमान के टॉयलेट में छिपाया था। वहीं, एयर इंडिया के एसएटीएस स्टाफ को कस्टम अधिकारियों ने रंगे हाथों दबोच लिया जब वह एक अन्य एआईएसएटीएस स्टाफ को तस्करी वाले सोने का पैकेट दे रहा था।