राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जर्मनी दौरे के समय बच्चे के गाए देशभक्ति गीत में छेड़छाड़ कर पैरोडी बनाकर पोस्ट करने के मामले में कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने पर ट्विटर को समन जारी किया है।
एनसीपीसीआर ने गलत वीडियो पोस्ट करने पर कुणाल कामरा के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। आयोग ने ट्विटर के भारतीय निदेशक को मंगलवार को पत्र जारी कर बुधवार को कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि पांच मई को भेजे पत्र में आपके कार्यालय से इसे मिलने के सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने को कहा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।
ये था पूरा मामला
कामरा ने जर्मनी में मोदी की बच्चे से बातचीत का वीडियो साझा किया था, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री के समक्ष बच्चे के गाए गीत ‘हे जन्मभूमि भारत’ की जगह ‘महंगाई डायन खाय जात है’ गीत का इस्तेमाल किया। बच्चे के पिता ने कामरा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेचारे बच्चे को अपनी गंदी राजनीति से दूर रखें और अपने खराब चुटकुलों को दुरुस्त करें।
वहीं राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने कहा था कि राजनीतिक विचाराधाराओं को आगे बढ़ाने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करना किशोर न्याय अधिनियम, 2015 व सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन है। साथ ही आयोग ने कहा था कि इस तरह के प्रचार वाले उद्देश्य से बच्चों का इस्तेमाल करना नुकसानदेह है और उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।