नोएडा में ट्विन टावरों के विध्वंस के लिए 24 घंटे से भी कम समय बचा है। ऐसे में आस-पास के सोसायटी के लोगों को ब्लास्ट के बाद के प्रभाव के बारे में चिंता सताने लगी है। लोगों ने शिकायत की है कि विस्फोट के बाद सामने आने वाली चुनौतियों से कैसे निपटा जाएगा। लोगों ने कहा है कि इस क्षेत्र में हफ्तों तक धूल की मोटी परत जम जाएगी जिससे कि लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर अब केरल के मराडू नगर पालिका के निवासियों ने ट्विन टावर के आसपास रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि आप अधिकारियों से सुरक्षित कानूनी आश्वासन जरूर लें नहीं तो आपलोगों को भी हमारे तरह नुकसान झेलना पड़ेगा।
जानें मराडू निवासियों ने क्यों दी नोएडा के लोगों को सलाह
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने साल 2020 में तटीय क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन करने के बाद केरल में मराडू नगरपालिका सीमा में स्थित पांच फ्लैट परिसरों को ध्वस्त करने का आदेश दिया था जिसके बाद 11 जनवरी 2020 को सरकारी एजेंसियों ने तकनीशियनों की मदद से तोड़फोड़ शुरू हुई और इमारत को गिरा दिया गया। इस दौरान आसपास के कुछ बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा था। केरल के मराडू नगर पालिका के निवासी 56 वर्षीय सुगुनन अभी भी अधिकारियों के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं और अपने दो मंजिला घर को हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जब उनके पड़ोस में चार अवैध वाटरफ्रंट उच्च वृद्धि वाले अपार्टमेंट में से एक को नियंत्रित विस्फोट का उपयोग करके ध्वस्त कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि अल्फा सेरेन ट्विन अपार्टमेंट परिसर के विध्वंस के परिणामस्वरूप उनके घर की छत में दरारें दिखाई दीं। इससे उन्हें 3 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
कल दोपहर 2.30 बजे होगा ट्विन टावर का ध्वस्तीकरण
बता दें कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में सुपरटेक बिल्डर के ट्विन टावर का ध्वस्तीकरण 28 अगस्त यानी कल दोपहर 2:30 बजे महज 12 सेंकेंड में होगा। इससे ठीक 15 मिनट पहले एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नोएडा एक्सप्रेसवे पर ब्लास्ट के बाद धूल हटने तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार शाम इसके लिए डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। लोग गूगल मैप का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इस पर ट्विन टावर व एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन की व्यवस्था को अपडेट किया गया है। ट्विन टावर को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर डायवर्जन लागू कर दिया गया है। रविवार सुबह सात बजे से इन मार्गों पर और सख्ती बरती जाएगी। सात बजे के बाद ट्विन टावर की तरफ किसी को नहीं जाने दिया जाएगा। हालांकि, टावर के आसपास की दो सोसाइटी एटीएस विलेज व एमराल्ड कोर्ट में रहने वाले लोगों को बाहर आने की इजाजत होगी।