बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हैवानियत करने वालों के खिलाफ गुलरिहा थाने में केस दर्ज कर किया गया है। युवकों ने बलरामपुर से किशोरी को मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर बुलाया था। पुलिस ने पीड़ित किशोरी का बयान दर्ज किया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर गोरखपुर बुलाने वाली कथित दीदी सोनाली और अफरोज के खिलाफ बलात्कार की कोशिश, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने के धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
किशोरी के बयान के मुताबिक उसकी मुलाकात सोनाली नाम की एक महिला से दस दिन पहले गोंडा में हुई थी। बातचीत के दौरान सोनाली ने अपना नंबर दिया और खुद को मेडिकल कॉलेज की नर्स बताया। गरीब घर की किशोरी उसकी बातों में आ गई और उससे नौकरी दिलाने को कहा। इस पर सोनाली ने कहा, इस बारे में बाद में बताएगी। नंबर पर दोनों की बातचीत होने लगी। कथित दीदी सोनाली ने शनिवार को किशोरी को गोरखपुर बुलाया। गोरखपुर स्टेशन पर सुबह सोनाली ने ही रिसीव किया और फिर मेडिकल कॉलेज ले गई।
शाम तक उसे टहलाती रही और फिर चार अन्य लड़कों से यह कहते हुए मुलाकात कराई की यह भी नौकरी के लिए आए हैं। देर शाम मोबाइल डिस्चार्ज होने पर किशोरी को अफरोज नाम का युवक उसे बर्न वार्ड की छत पर ले गया। किशोरी के मुताबिक उसने छत से फेंकने की धमकी देते हुए कपड़े निकलाने को कहा। इस पर शोर मचाते हुए किसी तरह से भागकर उसने अपनी जान बचाई। पुलिस ने किशोरी को फिलहाल आशा ज्योति केंद्र में रखा है।
एसपी नार्थ ने बताया कि पीड़िता और घरवालों ने मेडिकल कराने से इंकार कर दिया है। इस वजह से पीड़िता का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया जाएगा। केस की जांच अब सिर्फ बयानों के आधार पर ही होगी। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी शलभ माथुर ने मामले में संज्ञान लेते हुए कहा कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, दोनों की तलाश की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम लगा दी गई है।