फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोटेरा क्षेत्र खाली करने का आदेश, अहमदाबाद में जगह-जगह पर मोदी-ट्रंप के पोस्टर

Tue, 18 Feb 2020 10:00 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
विज्ञापन
झूग्गियों को ढंकने के लिए अहमदाबाद नगर निगम ने दीवार बनाई है - फोटो : PTI
विज्ञापन

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दो दिन के भारत दौरे पर अहमदाबाद आने वाले हैं। जहां उनके दौरे को लेकर तमाम प्रबंध किए जा रहे हैं। वहीं अहमदाबाद नगर निगम ने मोटेरा क्षेत्र में झुग्गियों में रहने वाले लोगों को निष्कासन का आदेश दिया है। उन्हें क्षेत्र को खाली करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है।

विज्ञापन

 

मोटेरा स्टेडियम की दीवारों को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की पेंटिंग से पाट दिया गया है। दीवार पर यूएस-इंडिया, दुनिया की सबसे पुराना लोकतंत्र जैसे नारे लिखे हुए हैं। 
 



इसके अलावा अहमदाबाद में तमाम जगहों पर पीएम मोदी और ट्र्ंप के बड़े बड़े होर्डिंग लगे हुए हैं। 
 

 


झुग्गियां ढंकने के लिए निगम ने बनाईं दीवार

ट्रंप की यात्रा से पहले अहमदाबाद नगर निगम, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को इंदिरा ब्रिज से जोड़ने वाली सड़क के साथ एक दीवार बना रहा है ताकि झुग्गी बस्तियों वाले क्षेत्र को छुपाया जा सके। नागरिक निकाय जिस दीवार निर्माण कर रहा है वह आधे किलोमीटर से ज्यादा लंबी और छह से सात फीट ऊंची है। इसे अहमदाबाद हवाई अड्डे से गांधीनगर की ओर जाने वाली सड़क पर सौंदर्यीकरण अभियान के तहत मोटेरा में सरदार पटेल स्टेडियम के आस-पास बनाया जा रहा है।

मोटेरा स्टेडियम के बाहर दी प्रदर्शन की धमकी

आरक्षण पर उच्चतम न्यायालय के हाल के फैसले से नाखुश गुजरात कांग्रेस ने सोमवार को यहां नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम (मोटेरा) के बाहर 24 फरवरी को प्रदर्शन करने की धमकी दी है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मोटेरा स्थित इस स्टेडियम का 24 फरवरी को मोदी और ट्रंप उद्घाटन करेंगे तथा दोनों नेता इस मौके पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
विज्ञापन


विपक्षी दल ने कहा कि यदि केंद्र अनुसूचित जाति/जनजाति समुदायों के लिए नौकरियों में आरक्षण पर उच्चतम न्यायालय के हाल के फैसले को लेकर उपयुक्त कदम उठाने में विफल रहता है तो वह इस स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन करेगा। गुजरात कांग्रेस ने शीर्ष अदालत के पिछले सप्ताह के इस फैसले को लेकर सोमवार को सारंगपुर इलाके में ‘संविधान बचाओ’ रैली की।

विज्ञापन

ट्रंप को महात्मा गांधी की आत्मकथा, चित्र और चरखा भेंट किए जाएंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 24 फरवरी को साबरमती आश्रम के दौरे के समय एक चरखा, महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित दो पुस्तकें और उनका एक चित्र उपहार स्वरूप दिया जाएगा। 
साबरमती नदी के किनारे स्थित आश्रम में ट्रंप के दौरे में उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहेंगे। ट्रंप आश्रम का दौरा करने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे।

गांधी आश्रम के नाम से प्रसिद्ध यह स्थान स्वतंत्रता आंदोलन के समय 1917 से 1930 तक गांधीजी का आवास रहा था। अब इसका प्रबंधन साबरमती आश्रम संरक्षण और स्मारक ट्रस्ट देखता है। आश्रम के न्यासी कार्तिकेय साराभाई और अमृत मोदी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम अमेरिकी महिला नागरिक मेलानिया ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी आश्रम में करीब आधा घंटा बिताएंगे।

सूत्रों ने बताया कि ट्रंप और मेलानिया हृदय कुंज के पास रखा चरखा भी चला सकते हैं। हृदय कुंज आश्रम में स्थित एक कुटिया है जहां गांधीजी अपनी पत्नी कस्तूरबा के साथ रहते थे। अमृत मोदी ने कहा कि हम ट्रंप को चरखा, गांधीजी की आत्मकथा और एक पुस्तक ‘माई लाइफ माई मैसेज’ भेंट करेंगे। यह पुस्तक गांधीजी के संपूर्ण जीवन को दर्शाने वाली है। 

उन्होंने कहा कि आश्रम ट्रंप को गांधीजी का पोट्रेट भी उपहार में देगा। हम उन्हें चरखे के साथ एक नोट देंगे जिसमें देश के स्वतंत्रता संघर्ष में इसके महत्व का वर्णन होगा। अमृत मोदी के अनुसार मेहमानों का स्वागत हाथ से बनी मालाओं से किया जाएगा।

ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी एक रोड शो में भी शामिल होंगे जो अहमदाबाद हवाईअड्डे से शुरू होगा और आश्रम से गुजरते हुए मोटेरा में क्रिकेट स्टेडियम में समाप्त होगा।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें