भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने भारत में मतदाता भागीदारी को बढ़ाने के लिए 21 मिलियन डॉलर की फंडिंग को लेकर सवाल उठाए थे। पार्टी ने दावा किया कि ट्रंप का का यह बयान साबित करता है कि कांग्रेस से जुड़े (विदेशी) गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) ने यहां चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की।
रविशंकर प्रसाद ने सुनाए दो ऑडियो क्लिप
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने ट्रंप और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वह बयान (ऑडियो क्लिप) सुनाए, जो उन्होंने 2023 में ब्रिटेन में अपने बयान दिए थे। इन ऑडियो क्लिप का उपयोग उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला करने के लिए किया।राहुल गांधी ने 2023 में बयान दिया था कि जिन देशों को लोकतंत्र का पैरोकार माना जाता है, वे भारत में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर अधिक चिंतित नहीं हैं।
'राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र का विदेश में उड़ाया मजाक'
प्रसाद ने कहा, कांग्रेस ने जो किया है, वह शर्म की बात है। राहुल गांधी ने भारतीय लोकंत्र का विदेश में मजाक उड़ाया और वहां लोकतांत्रिक देशों से मदद मांगी। इसका मतलब है कि उन्होंने चुनाव जीतने के लिए समर्थन मांगा, क्योंकि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या बयान दिया था?
यूएसएआईडी की फंडिंग बंद करने के फैसले का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा था कि हमें भारत में मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के लिए 21 मिलियन डॉलर खर्च करने की क्या जरूरत है? मुझे लगता है कि वे किसी और को चुनाव में जितवाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा, यह पूरी तरह से बड़ा बदलाव है।
राहुल गांधी के ऑडियो क्लिप में क्या सुनाया गया
प्रसाद ने राहुल गांधी का ऑडियो क्लिप बजाया, जिसमें वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं,हैरानी का बात यह है कि जो कथित लोकतंत्र के रक्षक माने जाते हैं, जैसे कि अमेरिका और यूरोपीय देश, वे यह महसूस करने में असमर्थ हैं कि लोकतांत्रिक मॉडल का एक बड़ा हिस्सा खत्म हो चुका है। यह एक वास्तविक समस्या है। विपक्ष यह लड़ाई लड़ रहा है। यह सिर्फ एक भारत की ही लड़ाई नहीं है।
कांग्रेस ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे को बताया बकवास
प्रसाद ने कहा, भाजपा ने हमेशा भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के विदेशी प्रयासों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ये दो ऑडियो रिकॉर्डिंग कांग्रेस की इस साजिश से जुड़े होने का प्रमाण देती हैं। हालांकि, कांग्रेस ने ट्रंप के दावे को बकवास करार दिया और भारत सरकार से आग्रह किया वह दशकों से भारत में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं को अमेरिकी एजेंसी के समर्थन पर एक श्वेत पत्र जारी करे।
संबंधित वीडियो-