अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क का एक विशेष संयुक्त इंटरव्यू 18 फरवरी को फॉक्स न्यूज पर प्रसारित होगा। इस इंटरव्यू में ट्रंप ने मीडिया की तरफ से उनके और एलन मस्क के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिशों को नाकाम बताया है। फॉक्स न्यूज के शो शॉन हैनिटी में डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क कई बड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें ट्रंप के कार्यकाल के पहले 100 दिन और मौजूदा घटनाक्रम भी शामिल हैं।
फॉक्स न्यूज के प्रोमो में क्या बोले ट्रंप?
फॉक्स न्यूज की तरफ से जारी किए गए प्रोमो में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'मैं यह अक्सर देखता हूं... असल में, एलन ने मुझे फोन किया और कहा कि मीडिया हमें अलग करने की कोशिश कर रहा है। मैंने कहा, बिल्कुल।' इस दौरान उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, 'हमारे पास ब्रेकिंग न्यूज है—डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद छोड़कर एलन मस्क को सौंप दिया है। 'राष्ट्रपति मस्क' आज रात 8 बजे कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे!'
'98% मीडिया कवरेज मेरे खिलाफ ही रहता है'
डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उन्हें बदनाम करने में नाकाम साबित हो रहे हैं, 'पहले मुझे लगता था कि वे इसमें माहिर हैं, लेकिन अब लगता है कि वे इसमें भी नाकाम हैं। मैं चाहे जितने अच्छे काम कर लूं, फिर भी 98% मीडिया कवरेज मेरे खिलाफ ही रहता है।'
व्हाइट हाउस में एलन मस्क की मौजूदगी
कुछ दिनों पहले एलन मस्क अपने 4 साल के बेटे 'एक्स' के साथ व्हाइट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान वे राष्ट्रपति ट्रंप के साथ ओवल ऑफिस में मौजूद थे, जब ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। इस आदेश का उद्देश्य सरकारी नौकरियों में कटौती करना और नई नियुक्तियों को सीमित करना है।
एलन मस्क ने वहां मौजूद अधिकारियों को सरकारी विभागों को 'डीओजीई' के साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि, 'मैं जो कुछ कहता हूं, उसमें से कुछ बातें गलत हो सकती हैं।' व्हाइट हाउस ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया एक्स (पहले ट्विटर) पर भी साझा की, जिसमें लिखा गया, 'राष्ट्रपति ट्रंप, एलन मस्क और उनका बेटा एक्स ओवल ऑफिस में दिखाई दे रहे हैं।