बागपत के अमीनगर सराय में पूर्ति विभाग और सिंघावली अहीर पुलिस ने 20 हजार लीटर डीजल से भरे टैंकर को पकड़कर मिलावट के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। अफसरों का दावा है कि यह डीजल मिलावटी है और इसमें केरोसीन मिलाया गया है।
थाने पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बागपत के पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर मेरठ की ओर से एक ट्रक आ रहा था। सिंघावली अहीर थाना के पास चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया गया। जांच करने पर पता चला कि टैंकर में मिलावटी डीजल भरा हुआ है। डीजल में केरोसीन की मिलावट की गई है। उनके पास तेल के कोई कागज भी नहीं मिले।
उन्होंने अशोक कुमार निवासी ब्रहमवली तहसील मोहल्ला निवासी सीतापुर को टैंकर का ड्राईवर और विनोद निवासी जैन मोहल्ला बागपत को टैंकर का मालिक दर्शाते हुए सिंघावली अहीर थाना पर एफआईआर दर्ज कराई।
उधर, पुलिस की जांच पूर्ति विभाग की टीम से काफी आगे पहुंच गई है। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी सुभाष चंद यादव का कहना है कि जांच करने से पता चला है कि जिस अशोक को पूर्ति विभाग की टीम ट्रक का ड्राईवर बता रही है, वह क्लीनर है।
मेरठ के गगोल रोड स्थित जगदीश एंड सतीश ब्रदर फर्म से तेल लाया जा रहा था, जबकि टैंकर में उत्तराखंड के हल्द्वानी से थिनर लाना दर्शाया गया है। टैंकर की बहती और बिल्टी पूरी तरह से फर्जी है। तेल से भरा टैंकर दिल्ली के भजनपुर में सिंटू के यहां जा रहा था। थाना प्रभारी की ओर से जगदीश एंड सतीश ब्रदर, सिंटू और ट्रक के चालक को आरोपी बनाया जा रहा है।