टीआरएस सांसद डी श्रीनिवास के बेटे संजय को अपने कॉलेज की 12 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे 24 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, संजय निजामाबाद के एक कॉलेज में पढ़ता है। यहां पढ़ने वाली बीएससी की 12 छात्राओं ने उस पर यौन उत्पीड़न और कॉलेज परिसर में कई बार दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था।
छात्राओं ने इसकी शिकायत राज्य के गृहमंत्री नयनी नरसिम्हा से भी की थी। पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं में संजय के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसके बाद उसने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी।
कोर्ट ने याचिका रद्द कर दी थी, जिसके बाद वह सोमवार को निजामाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त के समक्ष पेश हुआ था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।