तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सांसद नामा नागेश्वर राव के बेटे एन पृथ्वी तेजा ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि जब वह 30 जुलाई को अपनी कार में यात्रा कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो लोगों ने कार के सामने आकर उन्हें रोक लिया और मारपीट की।
हैदराबाद में सत्तारूढ़ टीआरएस पार्टी के सांसद के बेटे से चाकू की नोंक पर लूट का मामला सामने आया है और हैरानी वाली बात ये है कि सांसद के बेटे से ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सांसद नामा नागेश्वर राव के बेटे एन पृथ्वी तेजा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि दो लोगों ने एन पृथ्वी तेजा को धमकाने और मारपीट करने के बाद कथित तौर पर उसे 75,000 रुपये का ऑनलाइन लेनदेन करने के लिए मजबूर किया।
विज्ञापन
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सांसद नामा नागेश्वर राव के बेटे एन पृथ्वी तेजा ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है कि जब वह 30 जुलाई को टोलीचौकी मुख्य मार्ग पर अपनी कार में यात्रा कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो लोगों ने कार के सामने आकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों जबरन कार में घुस गए और उनमें से एक आगे वाली सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरा पीछे की तरफ बैठ गया और गाड़ी के अंदर शराब पी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक ने सांसद के बेटे को चाकू दिखाकर धमकी दी। इस दौरान दोनों ने उनके साथ मारपीट भी की और उसे अपने फोन से डिजिटल भुगतान के जरिए 75,000 रुपये की राशि ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद दोनों में से एक व्यक्ति ने कार की स्टेयरिंग अपने हाथ में ले ली। इतना ही नहीं उसने रास्ते में कई मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी। इसके बाद दोनों ने उससे कार चलाने के लिए कहा। पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि जब कार पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन के पास पहुंची तभी सांसद के बेटा कार रोककर कूदकर भागने में सफल हो गया। इसके बाद कार में सवार दोनों हमलावर भी भाग गए।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में सांसद के बेटे की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 395 (डकैती) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।