दिल्ली में त्रिपुरा के युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगते हुए वीडियो को स्क्रिप्टेड बताया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। वहीं, त्रिपुरा के दो संगठनों की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी पुलिस को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली में त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मामले में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन पर युवक के खिलाफ नस्लीय टिप्पणियां करने, आपत्तिजनक इशारे करने और त्रिपुरा के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। बताया गया है कि यह वीडियो 19 सितंबर को अपलोड किया गया था। घटना को लेकर पूर्वोत्तर के लोगों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है।
विज्ञापन
क्या आमिर शौकीन ने माफी मांगी?
विवाद के बीच आमिर शौकीन ने इंस्टाग्राम पर माफी मांग ली है। उन्होंने वीडियो को स्क्रिप्टेड यानी पहले से तय पटकथा के तहत बनाया गया बताया और दावा किया कि वीडियो में दिख रहा युवक उनका परिचित था। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। साथ ही, त्रिपुरा के लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि अगर उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका अफसोस है। हालांकि, माफी के बाद भी मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग जारी है।
किरेन रिजिजू ने क्या कहा?
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कथित नस्लीय दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने लिखा, 'इस बुरे व्यक्ति को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे सबक सिखाएगी।' रिजिजू ने यह भी कहा कि समाज में इस तरह के गलत व्यवहार को बर्दाश्त करने वाले लोग भी नफरत फैलने के लिए जिम्मेदार हैं।
विज्ञापन
This evil man will be punished. There was delay in lodging the official complaint but Delhi Police and Tripura Police will teach him a hard lesson. People who tolerate such wicked behavior in the society are also responsible for the spread of hatred. https://t.co/EnmaPFCE3x
पुलिस में किसने शिकायत दर्ज कराई?
त्रिपुरा के दो संगठनों, यूथ टिपरा फेडरेशन (वाईटीएफ) और टिपरा इंडिजिनस स्टूडेंट्स फेडरेशन (टीआईएसएफ) ने अगरतला के एनसीसी पुलिस थाने में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतों में आमिर शौकीन पर त्रिपुरा के युवक को निशाना बनाकर कथित नस्लीय टिप्पणियां करने और राज्य के लोगों के लिए अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। संगठनों ने मामले में जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने क्या कदम उठाया?
मामला सामने आने के बाद त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है। इस घटना पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कार्रवाई की मांग की है।