माकपा ने केरल में बाढ़ राहत सहायता के लिये सामग्री जुटा रहे, पार्टी की त्रिपुरा इकाई के नेताओं पर कथित हमले की निंदा करते हुये इसके लिये भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। माकपा पोलित ब्यूरो की ओर से आज जारी बयान के अनुसार, सोमवार को त्रिपुरा के महाराजगंज बाजार, अगरतला, खोवई और बेलोनिया कस्बे में राज्य के माकपा विधायक और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि केरल के लिये बाढ़ राहत सामग्री जुटा रहे थे।
उसी समय कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के समूह ने माकपा नेताओं को राहत सामग्री एकत्र करने से रोका। माकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहत सामग्री जुटाने का काम जारी रखा। इससे नाराज होकर उन्हें पुलिस की मौजूदगी में कथित रूप से शारीरिक हमले का शिकार बनाया गया।
पोलित ब्यूरो ने इसे भाजपा की अलोकतांत्रिक और असामाजिक गतिविधि करार देते हुये इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी ने राज्य सरकार से इस घटना की शिकायत पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है जिससे विपक्षी दलों के कार्यकर्ता भी सुचारू रूप से अपनी सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर सकें।