त्रिपुरा में आज आठ जिलों के 44 प्रखंडों में ग्राम समिति चुनाव के लिए 1,095 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। करीब 6.65 लाख मतदाता वोट डालेंगे, जबकि 7,300 मतदानकर्मी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 74 कंपनियां चुनावी सुरक्षा में तैनात रहेंगी। इसके साथ ही राज्य में शहरी निकाय चुनाव की तैयारियां भी जारी हैं।
त्रिपुरा में ग्राम समिति चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को (आज) आठ जिलों के 44 प्रखंडों में 1,095 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। करीब 6.65 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। करीब 7,300 मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 74 कंपनियां तैनात रहेंगी।
विज्ञापन
मतदान दलों को सुरक्षा के बीच केंद्रों के लिए किया रवाना
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अनुराग सेन के मुताबिक मतदानकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। क्षेत्रीय अधिकारियों को मतदान दलों की सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान दलों के साथ राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे।
1,550 केंद्र चिह्नित, 1,095 पर ही मुकाबला
आयोग के अनुसार, राज्य में कुल 1,550 मतदान केंद्र चिह्नित किए गए थे, लेकिन इनमें से 1,095 केंद्रों पर ही मुकाबला है। सुरक्षा बल मतदान से पहले और मतदान के दौरान इलाके में गश्त तथा निगरानी करेंगे। प्रत्येक प्रखंड के लिए एक सुरक्षित कक्ष और एक मतगणना कक्ष बनाया गया है।
शहरी निकाय चुनाव की तैयारी भी तेज
ग्राम समिति चुनाव के साथ राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकाय चुनाव की तैयारियां भी आगे बढ़ा दी हैं। राज्य में 783 मतदान केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित हो चुकी है। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन एक अक्तूबर को होगा। दावे और आपत्तियां आठ अक्तूबर तक दाखिल की जा सकेंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 अक्तूबर को प्रकाशित होगी।