Tripura: माकपा नेता जितेंद्र चौधरी ने कहा, हम हिंसा के बाद अस्थायी शिविर में रह रहे लोगों से मिलने गंडतविसा जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। पुलिस-प्रशासन निषेधाज्ञा का हवाला देकर हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने से हमें नहीं रोक सकता है।
त्रिपुरा में विपक्षी माकपा और कांग्रेस के दो अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों को सोमवार को धलाई जिले के गंडतविसा जाने से रोक दिया गया। गंडतविसा में इस महीने की शुरुआत में दो समुदायों के बीच हिंसा हुई थी। माकपा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जितेंद्र चौधरी कर रहे थे। जबकि कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल की टीम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार साहा कर रहे थे।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि दो समुदायों के लोगों के बीच सात जुलाई को विवाद हुआ जो बाद में झड़प में बदल गया। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। 12 जुलाई को इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई, जिसके बाद कई मकानों को आग लगा दी गई और कम से कम 80 परिवार बेघर हो गए। माकपा प्रतिनिधिमंडल को गोमती जिले के अमरपुर के पास इस आधार पर रोक दिया गया कि गंडतविसा में निषेधाज्ञा लागू है।
बाद में चौधरी ने पत्रकारों से कहा, हम हिंसा के बाद अस्थायी शिविर में रह रहे लोगों से मिलने गंडतविसा जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। पुलिस-प्रशासन निषेधाज्ञा का हवाला देकर हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने से हमें नहीं रोक सकता है। माकपा नेता ने कहा कि उन्होंने रविवार को जिला मजिस्ट्रेट से बात की थी और उन्हें इलाके का दौरा करने की अनुमति दी गई थी। उन्होंने कहा, अगर स्थिति सामान्य है तो पुलिस हमें गंडतविसा जाने से क्यों रोक रही है? पुलिस किसी व्यक्ति की आजादी को कम नहीं कर सकती। मैं उचित स्तर पर इस मुद्दे को उठाऊंगा।
विज्ञापन
वहीं, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को गोमती जिले के कलजारी के पास रोक दिया गया। कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कहा, टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्युत देबबर्मा और समाज कल्याण मंत्री टिंकू रॉय के नेतृत्व में एक सरकारी दल को प्रभावित परिवारों से मिलने की अनुमति दी गई। तो हमें क्यों नहीं अनुमति दी जा रही है? उन्होंने कहा, पुलिस-प्रशासन पक्षपातपूर्ण रवैया नहीं अपना सकता।
गंडतविसा के उप-जिलाधिकारी चंद्रजॉय रियांग ने कहा, निषेधाज्ञा के कारण राजनीतिक प्रतिनिधिमंडलों को गंडतविसा में प्रवेश करने से रोक दिया गया। दस दिनों की कड़ी मेहनत के बाद हमने स्थिति को नियंत्रण में किया है। अब हम कोई मौका नहीं चूक सकते।