त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देव एक बार फिर अपने अजीबोगरीब बयानों की वजह से चर्चा में हैं। बिप्लब देव ने अगरतला में हुए एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भाजपा ना केवल देश में बल्कि पड़ोसी देशों में भी विस्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने नेपाल और श्रीलंका में भाजपा की कथित महात्वाकांक्षा का खुलासा किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने अगले वित्तीय वर्ष के बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर दक्षिण एशिया को बनाने की दिशा में एक कदम है। भारत की नीतियां और कार्य बांग्लादेश, भूटान औऱ नेपाल को आत्मनिर्भर बनाने में सक्षम हैं।
मुख्यमंत्री बिप्लब देव के बयान के बाद विपक्षी पार्टी सीपीएम और कांग्रेस ने उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। दोनों पार्टियों ने बिप्लब देव के इस बयान को सबसे अलोकतांत्रिक बताया है। इसके अलावा अमित शाह को विदेशों में अपनी सरकार बनाने की योजना के दावे के बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है।