गुजरात के कच्छ जिले में सोमवार की शाम को 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। झटकों के बाद काफी अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर आ गए। इन झटकों ने कच्छ में 2001 में आए भूंकप की याद जहन में ताजा कर दी।
गांधीनगर के भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने बताया कि सात बजकर एक मिनट पर भूकंप आया जिसकी तीव्रता 4.3 थी। आईएसआर ने कहा कि इसका केंद्र कच्छ जिले के भरूच में उत्तर-उत्तरपूर्व में 23 किलोमीटर की दूरी पर था।
इससे पहले इसी जिले में कुछ घंटे पहले भूकंप का हल्का झटका आया था जिसका केंद्र अहमदाबाद से 340 किलोमीटर की दूरी पर था। जिलाधिकारी एन नागराजन ने बताया कि जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।
आईएसआर के मुताबिक, कच्छ के अन्य हिस्से में सोमवार को ही नौ बजकर 2.7 तीव्रता का भूकंप आया था। उसका केंद्र जिले के दुधाई के पश्चिम- उत्तर पश्चिम में 16 किलोमीटर की दूरी पर था।
बता दें कच्छ जिले में जनवरी, 2001 में विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें हजारों लोगों की जान चली गयी थी और लाखों मकान ध्वस्त हो गए थे।