घूमने और शादी-विवाह का सीजन होने के कारण गर्मी के मौसम में ट्रेन यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। यही कारण है कि इन दिनों ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना काफी मुश्किल होता है। लेकिन एक ट्रेन ऐसी भी है जो इस पीक सीजन में भी पूरी क्षमता की तीन-चौथाई तक खाली जा रही है। दरअसल, समर स्पेशल ट्वाय ट्रेन 52459/60 कालका से शिमला के लिए चलती है। इस रूट पर सामान्य यात्रियों के अलावा शिमला घूमने जाने वाले पर्यटकों की खूब भीड़ रहती है। गर्मी के मौसम में इसमें पूरी क्षमता के साथ यात्रियों का आवागमन होता रहता है। लेकिन पिछले एक अप्रैल से 19 मई के बीच की ट्रेन की सिर्फ एक चौथाई सीटें ही भर सकीं और लगभग तीन चौथाई सीटें खाली रहीं। रेलवे के लिए यह ट्रेन चिंता का कारण बनी हुई है।
रेलवे के अंबाला डिवीजन में नैरोगेज लाइन पर चलने वाली इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम होने के कारणों की समीक्षा की जा रही है। रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक गर्मी के दिनों में शिमला घूमने जाने वाले पर्यटकों की यह बहुत पसंदीदा ट्रेन रही है। लेकिन इस वर्ष यात्रियों की कमी विभाग के लिए चिंताजनक है। संभावना है कि चुनाव का समय होने के कारण यात्रियों की संख्या इस बार कम रह गई हो। हालांकि, विभाग यात्रियों के बीच इस ट्रेन को लोकप्रिय बनाने के लिए योजना बना रहा है।