त्योहारी सीजन में घूमने फिरने का इरादा रखने वाले लोगों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। ये लोग छुट्टियां बिताने के लिए भारत के अलावा दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों को पंसद कर रहे है। इसके चलते होटल और पर्यटन उद्योग के बीच यह उम्मीद जगी है कि दिवाली और नए साल की अवधि के दौरान भी पर्यटन से जुड़ी मांग में तेजी देखने को मिल सकती है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष दशहरा की छुट्टियों में होटल बुकिंग की मांग में तेजी देखने को मिली है। ऑनलाइन यात्रा प्लेटफ़ॉर्म के द्वारा उपलब्ध करवाए गए आंकड़ों के अनुसार, दशहरे में होटलों की बुकिंग में 14-16 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जबकि रूम की दरों में सालाना 30 फीसदी की बढ़ोतरी है। लंबी छुट्टियों के चलते हवाई किराया भी बढ़ गया है। एक तरफा का नॉन स्टॉप विमान यात्रा करीब 14,000 रुपये से 15,000 रुपये तक पहुंच गया है।
लंबी छुट्टियों के चलते घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूटों पर फ्लाइट बुकिंग में दोहरे अंकों की तेजी देखी जा रही है। आमतौर पर परंपरागत पर्यटक 4 दिन की छुट्टी की योजना बनाते है, लेकिन इस बार कई लोग दशहरे के पहले और बाद में भी छुट्टियां मनाने में रुचि ले रहे है। देखने में आया है कि लखनऊ, गोवा, जयपुर, चेन्नई, कोलकाता के विमान किराए में भी सालाना आधार पर औसतन 15-20 फीसदी की तेजी आई है। दूसरी पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां पर्यटकों को लुभाने के लिए त्योहारी सीजन पर सेल और छूट की पेशकश कर रही हैं। होटलों में मेहमानों के लिए कई सांस्कृतिक आयोजनों का इंतजाम करने के साथ ही खान-पान के बेहतरीन अनुभव देने की तैयारी भी की जा रही है।
भारत में पर्यटक यहां जाना कर रहे पसंद
पर्यटकों के बीच राजस्थान की काफी लोकप्रियता है लेकिन हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और केरल के लिए भी यात्रियों में आकर्षण है। इसके अलावा गांडीकोटा, पचमढ़ी, हम्पी, एनेगुंडी, बिनसर पॉन्डिचेरी, महाबलीपुरम, उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड और गोवा को लेकर भी लोगों में उत्साह दिख रहा है। जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एशिया-प्रशांत क्षेत्रों के लिए मांग देखी जा रही है। इनमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), थाईलैंड, सिंगापुर, वियतनाम, बाली और हांगकांग को लोगों ने खूब सर्च किया है।