फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले चरण का मतदान : छिटपुट हिंसा के बीच बंगाल में करीब 80 और असम में 77 फीसदी वोट पड़े

Sat, 27 Mar 2021 11:44 PM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • बंगाल व असम में मतदान का पहला चरण संपन्न
  • दोनों राज्यों में मतदान का अगला चरण एक अप्रैल को
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल चुनाव में वोट डालने पहुंची महिलाएं - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 विधानसभा सीटों के लिए करीब 80 फीसदी मतदान हुआ, वहीं असम की 47 सीटों के 76.92 फीसदी वोट पड़े।  चुनाव आयोग के मुताबिक बंगाल में शाम 6 बजे तक 79.79 फीसदी मतदान हुआ। दोनों राज्यों में मतदान का अगला चरण एक अप्रैल होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और ममता बनर्जी ने लोगों से रिकॉर्ड मतदान की अपील की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोगों से कोरोना वायरस से बचाव करते हुए मतदान करने की अपील की। 

विज्ञापन


बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को कई जगहों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच शाम पांच बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच 30 सीटों पर मतदान कराया गया। कभी नक्सल प्रभावित इलाका रहे जंगल महल की भी कुछ सीटों पर मतदान हुआ। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को मास्क, सेनेटाइजर और पॉलिथिन के दस्ताने दिए गए।

कहां कितना मतदान
पूर्व मेदिनीपुर में सर्वाधिक 82.51 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 80.56 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 80.12 प्रतिशत, बांकुड़ा में 79.90 प्रतिशत और पुरुलिया में 77.07 प्रतशित मतदान हुआ। शनिवार को जिन बंगाल की 30 सीटों के लिए मतदान हुआ है, उनमें से 2016 में तृणमूल कांग्रेस ने 27 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी तीन सीटें वाम मोर्चा कांग्रेस गठबंधन के खाते में गई थीं।
विज्ञापन

 

विज्ञापन

कांठी में ईवीएम को लेकर बवाल

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांठी दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं ने ईवीएम मशीनों में कथित रूप से खराबी आने पर एक मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने माजना में मतदान केंद्र के बाहर सड़क बाधित की और आरोप लगाया कि वीवीपीएटी पर्चे में दिख रहा है कि उन्होंने जिस पार्टी के लिए मतदान किया है, उसके बजाए मत किसी अन्य पार्टी को पड़ा है। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि हालात को नियंत्रण में करने के लिए घटनास्थल पर केंद्रीय बलों के दस्ते को भेजा गया और बाद में वीवीपैट मशीन को बदला गया।
ममता ने लगाया ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिमी मिदनापुर जिले में एक रैली में दावा किया कि भाजपा ने ईवीएम में गड़बड़ी की है और केन्द्रीय बलों के माध्यम से मतदाताओं को डरा रही है। उन्होंने कहा कि आज कांठी के कुछ मतदान केन्द्रों पर वीवीपैट से दिखा कि वोट भाजपा के पक्ष में पड़ रहे हैं, फिर चाहे मतदाता किसी अन्य पार्टी के चुनाव चिन्ह का बटन क्यों ना दबा रहा हो। कुछ जगहों पर केन्द्रीय बलों को मतदाताओं को धमकाते हुए देखा गया।
सुवेंदु के भाई की कार पर हमला
भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी के छोटे भाई सौमेंदु ने दावा किया कि कांठी में तृणमूल समर्थकों ने उन पर हमला किया और उनकी कार में तोड़फोड़ की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में उनका चालक घायल हो गया। सौमेंदु ने कहा 'मैं कांठी से गुजर रहा था, रास्ते में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने मेरी कार पर ईंट फेंकी और उसके शीशे तोड़ दिए। ऐसा लगता है कि आसन्न हार को देखकर उनका दिमाग बौखला गया है।'
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें