फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: स्पेन दूसरी बार फीफा विश्वकप के फाइनल में; मैदानी इलाकों में थमा मानसून, होर्मुज में नाकेबंदी शुरू

Wed, 15 Jul 2026 05:56 AM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
आज बुधवार, 15 जुलाई 2026 की तारीख में देश-दुनिया की अहम खबरों की श्रृंखला लेकर एक बार फिर अमर उजाला हाजिर है। सबसे पहले बात राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की, जिसमें एसआईटी की विस्तृत जांच रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की लापरवाही और निगरानी में कमी की ओर इशारा किया गया है। रिपोर्ट में भर्ती प्रक्रिया और एसओपी के नियमों को शिथिल किए जाने को चोरी की बड़ी वजह बताते हुए अनिल मिश्रा को सबसे अधिक जिम्मेदार ठहराया गया है। उधर, फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब उसका सामना इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। इधर, उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की रफ्तार थमने से गर्मी और उमस फिर बढ़ गई है, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। वहीं, अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों के पास समुद्री नाकेबंदी लागू करते हुए उसके सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए हैं। इधर, देश की राजनीति में मानसून सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर सरकार ने समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है। उधर, भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) आज से लागू हो गया है। वहीं, दिल्ली में एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होगा। इधर, पोलैंड के उप विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने रूस को सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उधर, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। खेल जगत में शुभमन गिल की कप्तानी और अक्षर पटेल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। एक क्लिक में पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें...
विज्ञापन

चंपत राय - फोटो : अमर उजाला
Ram Mandir: चंपत राय की नाकामी पर मुहर, भर्ती प्रक्रिया-नियमों में दी थी ढील; आज सौंपी जा सकती है SIT रिपोर्ट

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की विस्तृत जांच रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की लापरवाही व निगरानी में नाकामी की पुष्टि हुई है। हालांकि एसआईटी ने स्पष्ट रूप से उनके नाम का जिक्र किए बिना उनकी तरफ इशारा किया है। आपराधिक साजिश में उनकी भूमिका का स्पष्ट जिक्र नहीं है। एसआईटी ने चढ़ावा चोरी के पीछे भर्ती प्रक्रिया और एसओपी के नियमों को बदलकर उन्हें शिथिल करना बड़ी वजह माना है। इसमें अनिल मिश्रा को सबसे अधिक जिम्मेदार ठहराया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

स्पेन ने फ्रांस को हराया - फोटो : Fifa.com
France vs Spain: स्पेन दूसरी बार विश्वकप के फाइनल में, एम्बाप्पे की फ्रांस को 2-0 से हराया; ओयरजाबल-पोरो चमके

फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही अनुशासित खेल दिखाया और फ्रांस की मजबूत आक्रमण पंक्ति को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। स्पेन की ओर से मिकेल ओयरजाबल ने 22वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया, जबकि दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने 58वें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम की जीत लगभग तय कर दी। अब स्पेन का सामना फाइनल में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। खिताबी मुकाबला रविवार को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...

कहीं बारिश से तबाही, कहीं उमस से लोग बेहाल - फोटो : अमर उजाला
मैदानी इलाकों में मानसून थमा: उत्तर-पश्चिम भारत में अभी 6-7 दिन बारिश होने के आसार नहीं; कब बदलेगा मौसम?

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल मानसून पर ब्रेक लग गया है। बारिश थम गई है और 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाली गर्मी लौट आई है और उमस भी बेचैन करने लगा है। इस मुश्किल से अभी कम से कम इस हफ्ते तो राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में घनघोर बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। अरुणाचल प्रदेश में एक लाख से अधिक लोग बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि मिजोरम में भूस्खलन ने परेशानियां बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर...

पश्चिम एशिया में फिर गहराया संकट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
होर्मुज में नाकेबंदी शुरू: अमेरिकी सेना ने ईरान पर फिर बरसाए बम, आईआरजीसी के ठिकानों को बनाया निशाना

अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों के पास समुद्री नाकेबंदी लागू कर दी है। इससे एक घंटा पहले अमेरिकी सेना ने ईरान में सैन्य ठिकानों पर एक और दौर के हमले किए हैं। एक अमेरिकी अधिकारी इस संवेदनशील सैन्य अभियान पर चर्चा करने के लिए नाम न बताने की शर्त पर कहा कि इन हमलों का उद्देश्य उभरते खतरों को खत्म करना था। पढ़ें पूरी खबर...

मानसून सत्र - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
मानसून सत्र: परिसीमन बिल पारित कराने के लिए सरकार रणनीति को दे रही अंतिम रूप, संसद में कैसे सधेगा नंबर गेम?

मानसून सत्र में परिसीमन व महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार ने अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसके लिए जरूरी दो तिहाई संख्या बल हासिल करने के लिए सरकार ने विपक्षी दलों की तीन श्रेणियां बनाई हैं। हाल ही में इंडिया गठबंधन से नाता तोड़ने वाली द्रमुक के अलावा एनसीपी (एसपी), जगनमोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस से विधेयक को प्रत्यक्ष समर्थन करने पर, जबकि दूसरे कई अन्य गैर कांग्रेसी दलों से परोक्ष समर्थन पर बातचीत का दौर जारी है। पढ़ें पूरी खबर...

सीईटीए का कैसे मिलेगा लाभ? - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
India-UK CETA: भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता आज से लागू, 99% भारतीय निर्यात पर जीरो शुल्क; क्या-क्या होगा सस्ता?

भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) आज से लागू हो गया है। इसे पिछले कुछ वर्षों में भारत के सबसे बड़े मुक्त व्यापार समझौतों में से एक माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि इससे किसानों, श्रमिकों, एमएसएमई, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र को जबरदस्त लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में लागू होने वाला यह छठा मुक्त व्यापार समझौता है। इससे पहले भारत मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, ईएफटीए (यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ) और ओमान के साथ ऐसे समझौते लागू कर चुका है। पढ़ें पूरी खबर...

एमसीडी मुख्यालय - फोटो : अमर उजाला
MCD Elections: 12 वार्ड समितियों के चुनाव आज, चार पर टिकीं नजरें; भाजपा सतर्क... कांग्रेस बनेगी किंगमेकर

एमसीडी की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होगा। इस चुनाव में अधिकांश समितियों में तस्वीर लगभग साफ है, लेकिन रोहिणी, शहरी-सदर पहाड़गंज, पश्चिमी और दक्षिणी वार्ड समिति के चुनाव बेहद दिलचस्प हैं। इन चार समितियों के नतीजे भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच राजनीतिक ताकत का नया संकेत देंगे। पढ़ें पूरी खबर...

पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव थियोफिल बार्टोशेवस्की - फोटो : ANI
Poland: 'पुतिन करने वाले थे परमाणु हमला, मोदी ने रोका', पोलैंड के उप विदेश मंत्री ने PM की तारीफ में क्या कहा?

पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव थियोफिल बार्टोशेवस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने पीएम मोदी को एक बहुत प्रसिद्ध और सम्मानित वैश्विक राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारतीय प्रधानमंत्री की बातों पर ध्यान देते हैं। बार्टोशेवस्की ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि पीएम मोदी ने साल 2022 के अंत में राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों (टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन्स) का इस्तेमाल करने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पढ़ें पूरी खबर...

राम मंदिर - फोटो : अमर उजाला
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: जिले के कई थानों के विशेषज्ञ पुलिसकर्मी कर रहे हैं जांच, 'गोपनीय फौज' की हर पहलू पर नजर

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच अब एक ही विवेचक तक सीमित नहीं रह गई है। इसकी विवेचना भले ही सीओ आशुतोष तिवारी के पास हो, लेकिन पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए जिले के अलग-अलग थानों से विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों की कई टीमें बनाई गई हैं। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

भारत ने इंग्लैंड को हराया - फोटो : BCCI
IND vs ENG: 11 साल बाद इंग्लैंड की एजबेस्टन में हार, भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त; अक्षर का ऑलराउंड प्रदर्शन

कप्तान शुभमन गिल की शानदार कप्तानी पारी और अक्षर पटेल के दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। एजबेस्टन में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47.5 ओवर में 258 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। खास बात यह रही कि एजबेस्टन में 2015 के बाद इंग्लैंड की यह पहली वनडे हार है। पिछली बार 2014 में भी उसे भारत ने ही इस मैदान पर हराया था। पढ़ें पूरी खबर...
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें