विहिप के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच दिन के विदेश दौरे पर हमला बोला है। मंगलवार से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रहे तोगड़िया ने कहा कि पीएम ऐसे समय में विदेश जा रहे हैं, जब देश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा, आज हमारे सैनिक सीमा पर सुरक्षित नहीं हैं।
किसान आत्महत्या कर रहे हैं और हमारी बेटियां घरों में सुरक्षित नहीं हैं। फिर भी, हमारे पीएम विदेश जा रहे हैं।
तोगड़िया ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व गवर्नर वीएस कोकजे के विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद संगठन से इस्तीफा दे दिया है। अपनी ताकत दिखाने के लिए वह अनशन पर बैठ रहे हैं।
तोगड़िया के समर्थन में विहिप के 5,000 जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं ने भी संगठन छोड़ दिया है। इस बीच, विहिप के गुजरात राज्य प्रवक्ता खुलकर तोगड़िया के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की पूरी इकाई इस तेजतर्रार नेता के साथ खड़ी है।