कर्नाटक के हसन जिले में एक 23 वर्षीय महिला शिक्षक को कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूरा घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुका है। इस फुटेज के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ही यह घटना प्रकाश में आया।
सभी अपहरणकर्ता अलग-अलग वाहनों से आए और जबरदस्ती महिला शिक्षक को ले गए। पीड़िता की पहचान अर्पिता के तौर पर की गई है और यह घटना उनके स्कूल से वापस लौटने के दौरान घटी। पुलिस ने बताया कि शिक्षिका की मां ने इस अपहरण के लिए रामु नाम के व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया है। दरअसल, रामु और अर्पिता पिछले चार वर्षों से रिलेशनशिप में थे। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
डॉक्टरों ने की इलाज में देरी तो हुई एक वर्षीय बच्चे की मौत
बंगलूरू में समय से चिकित्सा न होने के कारण एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दरअसल, बच्चा दस फीट की ऊंचाई से अपनी मां के हाथ से गिर गया था, जिस वजह से उसके सिर में चोट लगी थी। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसायंस (एनआईएमएचएएनएस) के डॉक्टर समय पर बच्चे का इलाज करने में नाकाम रहे।
बच्चे के इलाज में करीबन 40 मिनट की देरी हुई थी। बच्चे को एंबुलेंस से हसन के सरकारी अस्पताल से एनआईएमएचएएनएस ले जाया गया। इस सफर में करीबन 40 मिनट का समय लगा। 120 किमी लंबे सफर को तय करने में तीन घंटे का समय लगता है, लेकिन एंबुलेंस समय से पहुंचाने में सफल रही। परिवारवालों ने पहले से ही एनआईएमएचएएनएस में बच्चे की हालत के बारे में बता दिया था।
एंबुलेंस के अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टर बच्चे का इलाज समय से करने में नाकाम रही। हालांकि, इस मामले में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बच्चे की मां और दादी ने डॉक्टरों पर आरोप लगाते हुए कहा कि समय से इलाज होने पर उनके बच्चे को बचाया जा सकता था।
स्नाइफर डॉग ने अपहरण हुए छह वर्षीय बच्चे का पता लगाया
मुंबई पुलिस के बम निरोधक और खोजी दस्ता (बीडीडीएस) के स्नाइफर डॉग 'लियो' ने पूर्वी अंधेरी में अपहरण किए गए छह वर्षीय लड़के का पता लगाया है। इलाके में सीसीटीवी कैमरा न होने के कारण पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। बच्चे की एक टी-शर्ट की खुशबू के जरिए स्नाइफर डॉग ने बच्चे का पता लगाया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
शिवसेना(यूटीबी) नेता दत्ता दलवी को मुंबई कोर्ट ने दी जमानत
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार शिवसेना(यूटीबी) नेता और पूर्व मेयर दत्ता दलवी को मुम्बई की एक अदालत ने जमानत दे दी है। तमाम दलीलें सुनने के बाद मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एम.आर. वाशिमकर ने उनकी जमानत याचिका को मंजूर कर दिया है। दायर याचिका में दलवी ने दावा किया था कि वह मामले में पूरी तरह से निर्दोष हैं, साथ ही कहा कि मेरे खिलाफ झूठा केस बनाया गया है। कथित अपराध में कोई भूमिका नहीं है।
बता दें दलवी को सीएम शिंदे के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि रविवार को आयोजित एक बैठक में उन्होंने सीएम शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
महिला अग्निवीर प्रशिक्षु की मौत मामले में जांच के आदेश
मुंबई में एक महिला अग्निवीर प्रशिक्षु की मौत के मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश नौसेना ने दिए हैं। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने इस को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। बता दें मुंबई में नौसेना प्रशिक्षण ले रही केरल की अग्निवीर प्रशिक्षु ने सोमवार को आत्महत्या कर ली थी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एडमिरल कुमार ने कहा, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मामले का संज्ञान लिया गया है, इसमें बोर्ड ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि उन्होंने निजी कारणों के चलते आत्महत्या की। नौसेना प्रमुख ने कहा कि नौसेना कर्मियों के बीच तनाव संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं।
बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में आरोपी को 10 साल की सजा
छह वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक विशेष अदालत ने आरोपी को 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। बता दें पॉस्को एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने 2018 में वारदात को अंजाम दिया था।
चेंबरमबक्कम झील से छोड़ा गया पानी
कम दवाब क्षेत्र और उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण राज्य में पिछले एक हफ्ते से मध्यम से अधिक बारिश हो रही है। क्षेत्र के सूखे नाले, नदियां ऊफान पर हैं। कांचीपुरम जिले में चेंबरमबक्कम झील से 402 क्यूबिक फीट पानी छोड़ा गया
सुरंग में फंसे मजदूरों के घर पहुंचने पर भव्य स्वागत
उत्तरकाशी स्थित सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों में से झारखण्ड के 15 मजदूरों के बाहर निकलने पर पूरे झारखण्ड में खुशी की लहर थी। रांची में इन 15 मजदूरों का भव्य स्वागत किया गया है। इस बारे में एक अधिकारी ने मामले की जानकारी दी। साथ ही खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन मजदूरों और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। बात दें सुरंग से बाहर निकलने के बाद बुधवार को मजदूरों को स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया था।
वहीं दूसरी ओर, सिलक्यारा सुरंग से बचाए गए ओडिशा के सभी मजूदर ओडिशा के मंत्री शारदा प्रसाद नायक के साथ भुवनेश्वर पहुंचे। इस दौरान मंत्री शारदा प्रसाद नायक ने कहा, मैंने अपने आठ दिन उत्तराखण्ड, काशी और ऋषिकेश में बिताए। मुझे जिम्मेदारी दी गई थी। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मजदूरों को दो-दो लाख रूपये की राहत राशि दी।
गुजरात के आईपीएस अधिकारी की पत्नी ने की आत्महत्या
गुजरात कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आरटी सुसारा की पत्नी शालुबेन (47) ने अहमदाबाद शहर में अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सहायक पुलिस आयुक्त एसएम पटेल ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शालुबेन शुक्रवार सुबह थलतेज स्थित उनके घर के एक कमरे में छत के पंखे से लटकी हुई पाई गईं। जांच में पुलिस को पता चला कि सूरत से अहमदाबाद लौटने के बाद बृहस्पतिवार देर रात उन्होंने फांसी लगा ली। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बोदकदेव पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया। पटेल ने कहा, उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सोला सिविल अस्पताल भेजा गया है।
ईडी का अधिकारी ही रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़ा गया
तमिलनाडु में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी को एक डॉक्टर से 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने शुक्रवार को मामले की जानकारी दी।
डिंडीगुल में हिरासत में लिए जाने के बाद सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय के अधिकारियों की एक टीम ने मदुरै में उप-क्षेत्र ईडी कार्यालय में 'पूछताछ' की, जिसमें राज्य पुलिसकर्मी केंद्र सरकार के कार्यालय के बाहर पहरा दे रहे थे।
जापान के बाद सिंगापुर दौरे पर पहुंचे गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जापान और सिंगापुर की यात्रा पर है। शुक्रवार को चार दिवसीय जापान यात्रा पूरी कर भूपेंद्र पटेल सिंगापुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्री गान किम योंग से मुलाकात की। गुजरात सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि पटेल और योंग ने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश पर चर्चा की। वहीं योंग ने वाइब्रेंट समिट में साझेदार देश के रूप में शामिल होने की इच्छा जताई है।
नौसेना प्रमुख बोले- निरंतर और समन्वय पर हो ध्यान
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने 40वें भारतीय तटरक्षक कमांडरों के सम्मेलन के दौरान तटरक्षक मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबोधन में तटरक्षकों के सामने आने वाली चुनौतियों, वैश्विक समुद्री अस्थिरता, संघर्षों के कारणों पर चर्चा की। उन्होंने इस दौरान दोनों समुद्री बलों के बीच मौजूदा तालमेल की सराहना की। वहीं उन्होंने ऑपरेशन तैयारियों में निरंतर और बेहतर समन्वय का आग्रह किया
कफ सिरप मामले में पुलिस ने सात जगहों पर छापेमारी की
कफ सिरप मामले में पुलिस ने सात जगहों पर छापेमारी की। जीसीपी राजदीप ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा, खेड़ा में आयुर्वेदिक सिरप पीने से छह लोगों की मौत की घटना के बाद आयुर्वेदिक सिरप बेचने वालों को पकड़ने के लिए पूरे गुजरात में पुलिस तैनात की गई थी।
उन्होंने कहा कि सूरत पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को मामले में बड़ी सफलता मिली है। छापेमारी के दौरान सूरत पुलिस ने 2195 बोतलें जब्त की है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए सभी सिरप की एफएसएल रिपोर्ट सौंपने के बाद आगे की जांच शुरू की जाएगी।
जरांगे ने कहा- वापस लें आंदोलनकारियों के खिलाफ मुकदमें
मराठा आरक्षण की मांग करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा कि आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस मामले वापस लिए जाएं। साथ ही कहा, राज्य भर में आंदोलन में भाग लेने वाले अन्य लोगों के खिलाफ मामलों को एक माह के भीतर वापस लिए जाने चाहिए। पंजरपोल में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, आरक्षण लागू करने की 24 दिसंबर की समय सीमा पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समुदाय को आरक्षण दिलाने की लड़ाई में आगे की कार्रवाई की योजना बनाने के लिए 17 दिसंबर को यहां एक बैठक होगी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक पर जोर दिया जाए
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बल मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रपति सम्मान प्रदान करते हुए चिकित्सा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी नई तकनीकों के अनुसंधान और उपयोग के महत्व पर जोर दिया। एएफएमसी की महिला स्नातकों के योगदान को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं उनसे प्रेरणा लेंगी और सशस्त्र बलों में शामिल होगी। साथ ही उन्होंने कहा, सशस्त्र बलों के सभी कर्मियों को उच्चतम मानकों की स्वास्थ्य देखभाल मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एएफएमसी की महिला पूर्व छात्रों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनमें से कुछ सभी सशस्त्र बल विभागों में शीर्ष पदों पर कार्यरत हैं।
महुआ मोइत्रा से जुड़ी एथिक्स पैनल की रिपोर्ट सदन में होगी पेश
रिश्वत के बदले सवाल पूछने के मामले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को निष्कासित करने की सिफारिश करने वाली लोकसभा आचार समिति की रिपोर्ट सोमवार को संसद के निचले सदन में पेश की जाएगी। लोकसभा सचिवालय द्वारा प्रसारित एजेंडा पत्रों के मुताबिक, आचार समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर पैनल की पहली रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। समिति ने नौ नवंबर को एक बैठक में रिश्वत के बदले सवाल पूछने के आरोप पर मोइत्रा को लोकसभा से निष्कासित करने की सिफारिश करते हुए अपनी रिपोर्ट अपनाई। बता दें संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जो 22 दिसंबर तक चलेगा।
'नौकरी के बदले नकद घोटाले' में अधिकारियों को किया निलंबित
असम सरकार ने असम लोक सेवा आयोग के नौकरी के बदले नकद घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए राज्य सिविल, पुलिस और संबद्ध सेवा के 21 अधिकारियों को निलंबति कर दिया है। गुरुवार को जारी आदेशों के जरिए निलंबित किए गए 21 अधिकारियों में से 11 असम पुलिस सेवा, चार असम सिविल सेवा, तीन सहायक रोजगार अधिकारी, सहकारी समितियों के दो सहायक रजिस्ट्रार और एक उत्पाद शुल्क निरीक्षक है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी निलंबन अधिसूचना में कहा गया कि ये अधिकारी एपीएससी द्वारा की गई विसंगतियों और कदाचार के लाभार्थी थे।
राज्य सरकार को दे दी गई महाराष्ट्र की तटीय सुरक्षा में खामियों की सूचना : नौसेना अधिकारी
पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय नौसेना ने पिछले महीने राज्य की विभिन्न एजेंसियों की बैठक के दौरान महाराष्ट्र सरकार को तटीय सुरक्षा में खामियों से अवगत करा दिया गया है। पश्चिमी नौसेना कमान के मुंबई मुख्यालय में नावों की कमी पर एक सवाल के जवाब में यह बात कही।
एनआईए ने आठ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया
एनआईए ने नक्सलियों को ड्रोन और विस्फोटक मुहैया कराने के मामले में आठ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। ये सभी आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं। इन पर आईपीसी, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम 1967 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
मामला इस वर्ष पाचं जून को तेलंगाना के चेरला पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था और तीन अगस्त को एनआईए ने इसे अपने हाथ में लिया था। संघीय एजेंसी ने कहा कि इनमें से तीन कूरियर के रूप में काम कर रहे थे, उन्हें तब पकड़ा गया जब वे विस्फोटक, ड्रोन और एक लेथ मशीन देने जा रहे थे। अन्य को बाद में पकड़ा गया। एनआईए की जांच में पता चला कि गिरफ्तार किए गए पुनेम नागेश्वर राव, देवनुरी मल्लिकार्जुन राव और वोलेपोगुला उमाशंकर के कब्जे से जो विस्फोटक बरामद हुए उसे उन्हें आरोपी जन्नू कोटि, अरेपल्ली श्रीकांत, तल्लापल्ली अरोग्यम और बोन्था महेंद्र ने दी थी। आरोपियों ने सोनाबोइना कुमारस्वामी से विस्फोटक का सामान खरीदा था, जिनके पास विस्फोटक कारोबार का लाइसेंस था। पुनेम, देवानुरी और वोलेपोगुला की कूरियर तिकड़ी ने मार्च 2023 में नक्सलियों को एक ड्रिलिंग मशीन खरीदी और मुहैया कराई थी।