उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 17 राज्यों में शुक्रवार को भारी बारिश के साथ आंधी चलने के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, एनसीआर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहेगा। उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व बंगाल के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होगी।
बिहार के 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने राज्य के जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें पटना, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद और जहानाबाद में भी अलर्ट है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बाकी बचे जिलों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।
पूर्वी राजस्थान में बारिश, पश्चिमी हिस्से में गर्मी का असर
राजस्थान में 25 सितंबर से मौसम का मिजाज पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में अगले 2-3 दिनों के दौरान मेघगर्जन, वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि 25 सितंबर को किसी भी जिले के लिए अलग से गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है। 24 सितंबर को जैसलमेर में 42.9 डिग्री, बाड़मेर में 42.4 डिग्री और बीकानेर में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 48 घंटे के बाद पश्चिमी राजस्थान में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके अलावा 27 से 29 सितंबर के बीच अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
ये भी पढ़ें:
एफएसएसएआई: मिठाई में कितना खोया, चीनी और दूध...तय होगा मानक, तुकाराम मुंढे ने दिए सुझाव
मप्र के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज मध्य-पूर्वी जिलों में इसका खासा असर देखने को मिल सकता है। रीवा, उमरिया, सतना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, दमोह, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ अति भारी बारिश होने की संभावना है और 115.6 से 204.4 मिमी तक वर्षा दर्ज हो सकती है। तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित जिलों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।