विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ रहे बिहार में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। एक दिन पहले एक फेसबुक पोस्ट के कारण चर्चा में आए तेज प्रताप यादव को आज लालू प्रसाद यादव ने पार्टी और परिवार से निष्कासित कर दिया है। वहीं दिल्ली में आज एनडीए मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम मोदी ने अहम बैठक की है, इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत दी है। उधर, आईपीएल 2025 के अपने आखिरी मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुजरात टाइटंस को 83 रनों से हरा दिया है। एक दिन पहले वायरल वीडियो के बाद हर तरफ आलोचना झेल रहे भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं इस मामले में कांग्रेस ने एक्सप्रेस-वे को शुद्ध करने के लिए गंगाजल छिड़का है। अभिनेत्री प्रिति जिंटा ने सेना को एक करोड़ रुपये दान किए हैं।
एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की बड़ी खबरें...
राजद प्रमुख लालू यादव अपने बेटे तेज प्रताप यादव के साथ
- फोटो : एएनआई
पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के विधायक तेज प्रताप यादव को राष्ट्रीय जनता दल से निकाल दिया गया। राजद सुप्रीमो और तेज प्रताप के पिता लालू यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह एलान किया। उन्होंने तेज प्रताप को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
पढ़ें पूरी खबर...
NDA Meet
- फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने एकजुटता का प्रदर्शन किया है। राजग के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने ऑपरेशन सिंदूर में सशस्त्र बलों के पराक्रम और पीएम मोदी के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए प्रस्ताव पारित किया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक की जानकारी दी। वहीं, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने पार्टी के नेताओं के लिए कुछ जरूरी निर्देश भी दिए।
पढ़ें पूरी खबर...
चेन्नई सुपर किंग्स
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल में अपने आखिरी मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से गुजरात टाइटंस को 83 रनों से हरा दिया है। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात की टीम 18.3 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात ने इस तरह लगातार दो मैच गंवाए और उसकी यह आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है।
पढ़ें पूरी खबर...
ऑपरेशन सिंदूर से खौफ में पाकिस्तान
- फोटो : Adobe Stock
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान अब तक खौफ में है। उसे अपनी स्थिति का अंदाजा हो गया है, इसलिए वह चीन की मदद लेकर अपने परमाणु शस्त्रागार को विकसित कर रहा है। ऐसा दावा अमेरिका ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है। अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी द्वारा रविवार को जारी 'विश्व खतरा आकलन रिपोर्ट 2025' में पाकिस्तान को लेकर कई दावे किए हैं। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान चीन से सैन्य और आर्थिक सहायता लेकर अपने परमाणु शस्त्रागार का आधुनिकीकरण कर रहा है।
पढ़ें पूरी खबर...
मनोहर लाल धाकड़
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेता का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के छह दिन बाद रविवार को पुलिस ने भाजपा नेता मनोहरलाल धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धाकड़ से तीन घंटे पूछताछ की, जिसके बाद पुलिस धाकड़ को एक्सप्रेस वे पर ले गई। इधर एनएचएआई अथॉरिटी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर काम करने वाले तीन कर्मचारियों को हटाने की कार्रवाई की है। वहीं कांग्रेस ने एक्सप्रेसवे का शुद्धिकरण किया। पढ़ें पूरी खबर...
पूजा और पुजारा
- फोटो : instagram
भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा की पत्नी पूजा ने अपनी किताब 'द डायरी ऑफ ए क्रिकेटर्स वाइफ: ए वेरी अनयूजुअल मेमोयर' में अपने पति के सबसे भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाजों में से एक बनने के सफर का जिक्र किया है। पुजारा की पत्नी ने अपनी किताब में इस बात का जिक्र तो किया है, लेकिन उस खिलाड़ी का नाम नहीं बताया जो पुजारा को टीम से निकालना चाहता था। पुजारा और उनकी पत्नी ने बताया कि वे नाम नहीं बताकर यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि कोई विवाद पैदा न हो।
पढ़ें पूरी खबर...
CBSE ऑफिस
- फोटो : CBSE
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तरफ से स्कूलों को चीनी की खपत को सीमित करने के महत्व को रेखांकित करने के लिए समर्पित 'शुगर बोर्ड' स्थापित करने का निर्देश दिए जाने के बाद, विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम छात्रों और अभिभावकों दोनों को चीनी के सेवन के बारे में सूचित विकल्प बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम बच्चों में मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज और अन्य मेटाबॉलिक बीमारियों से बचाने में कारगर होगा।
पढ़ें पूरी खबर...
प्रीति जिंटा
- फोटो : इंस्टाग्राम@realpz
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती हैं। वह काफी उदार भी हैं। अपनी उदारता का परिचय देते हुए प्रीति जिंटा ने सेना की विधवाओं और उनके बच्चों के कल्याण के लिए एक करोड़ रुपये से ज्यादा दान किया है। उन्होंने ये दान ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद किया है। भारत की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद किया गया था।
पढ़ें पूरी खबर...
Monsoon
- फोटो : PTI
केरल के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है। इसके अगले तीन दिनों में मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है। यह आमतौर पर 7 जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि मानसून रविवार को अरब सागर, कर्नाटक, पूरे गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और मिजोरम के कुछ हिस्सों, मणिपुर और नागालैंड के कुछ हिस्सों में पहुंच गया। पढ़ें पूरी खबर...
कोच्चि तट के पास अब कैसी है स्थिति?
- फोटो : ANI
कोच्चि तट से कुछ दूर समंदर में डूबे लाइबेरिया के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमएससी ईएलएसए- तीन से सभी 24 चालक सदस्यों को सकुशल बचा लिया गया है। इसके बाद अब भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और नौसेना ने समुद्री प्रदूषण रोकने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। बता दें कि, शनिवार रात को जहाज से खतरे का संदेश मिला। सबसे पहले भारतीय तटरक्षक बल ने कार्रवाई की और 21 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रविवार सुबह बाकी बचे तीन वरिष्ठ अधिकारी – जहाज के कैप्टन, चीफ इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर – को नौसेना के पोत आईएनएस सुजाता ने रेस्क्यू किया।
पढ़ें पूरी खबर...