मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा। प्रिया ने सुप्रीम कोर्ट से अपने खिलाफ हैदराबाद में दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की गुहार की है।
मालूम हो कि एक सुमदाय के लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि फिल्म ‘ओरू अदार लव’ के एक गाने ‘मणिका मालाराया पूवी’ से उनकी धार्मिक भावना आहत हुईं हैं। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख करते हुए जल्द सुनवाई की गुहार की गई। पीठ ने इस आग्रह को स्वीकार करते हुए बुधवार को सुनवाई करने का निर्णय लिया है।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में 18 वर्षीया अभिनेत्री प्रिया ने कहा कि उन पर किसी तरह की आपराधिक कार्रवाई पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया जाए। याचिका में कहा गया कि हैदराबाद के फलकनामा थाने में गत 14 फरवरी को उसके खिलाफ शिकायत की गई थी। उसी दिन रजा अकादमी के सचिव ने भी उनके खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में उस गाने के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की गई थी। प्रिया का कहना है कि गाने को तोड़मरोड़ कर ओर गलत विश्लेषण कर उनके खिलाफ कई समूहों ने आपराधिक शिकायत की है। प्रिया ने कहा है कि मुकदमा दर्ज होने से जीने का अधिकार और अभिव्यक्ति की आजादी प्रभावित हो रही है।