आईएमडी ने आने वाले दिनों में पूरे ओडिशा में गर्म और आर्द्र स्थिति की भविष्यवाणी की है। इसी के साथ, राज्य सरकार ने शनिवार को सभी स्कूलों में छात्रों के लिए सुबह की कक्षाओं की घोषणा की। प्रदेश सरकार ने इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को एक पत्र जारी किया। इसके बाद स्कूल और जन शिक्षा विभाग ने निजी संस्थानों सहित प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों को भी दो अप्रैल से सुबह 7 बजे से 11.30 बजे तक सुबह की कक्षाएं आयोजित करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार ने भी जिलों के लिए एक सलाह जारी की है और विभिन्न विभागों को गर्मी और उमस की स्थिति पर काबू पाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों की देखभाल करने के लिए कहा है।
लोकतंत्र को बचाने के लिए 2024 का चुनाव महत्वपूर्ण
रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली पर कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कहा, लोकतंत्र को बचाने के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण है। हम सभी जानते हैं कि भारत के राजनीतिक संस्थानों पर हमला हो रहा है। विपक्षी मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। विपक्षी दलों के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं... इस साल होने वाला चुनाव तय करेगा कि भारत का भविष्य कैसा होगा। हम एक लोकतांत्रिक देश बने रहेंगे या नहीं।
महाराष्ट्र के भिवंडी में लगी आग, मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी
महाराष्ट्र के भिवंडी में अचानक आग लग गई। इसके बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। वहीं, फायर ऑफिसर शैलेश शिंदे का कहना है, 'रात 11:30 बजे हमें आग लगने की सूचना मिली। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।'
उत्तरी बंगाल और सिक्किम के उच्च ऊंचाई वाले इलाकों में युद्धाभ्यास
भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर के गनर्स ने उत्तरी बंगाल और सिक्किम के उच्च ऊंचाई वाले इलाकों में निरंतर प्रशिक्षण के माध्यम से बंदूक चलाने के अपने कौशल को और बेहतर बनाने पर काम किया।
ईएनपीओ से लोकसभा चुनाव से दूर नहीं रहने की अपील
नागालैंड मंत्रिमंडल और राज्य के पूर्वी क्षेत्र के विधायकों ने ईएनपीओ से आगामी लोकसभा चुनावों में भाग लेने की अपील की।
ईस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गनाइजेशन (ईएनपीओ) नगालैंड से अलग राज्य बनाने की अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। इसी को लेकर उसने लोकसभा चुनाव में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है। क्षेत्र की सात नागा जनजातियों की सर्वोच्च संस्था ईएनपीओ 2010 से अलग राज्य की मांग कर रही है। उसका दावा है कि नगालैंड के पूर्वी हिस्से में छह जिले वर्षों से उपेक्षित हैं।
ईएनपीओ के लोकसभा चुनाव से दूरी बनाने के फैसले पर सरकार परेशान है। इसलिए मंत्रिपरिषद और पूर्वी नगालैंड विधायक संघ (ईएनएलयू) की शनिवार को कोहिमा में बैठक हुई। इसमें ईएनपीओ से अपील की गई कि चुनाव से दूरी न बनाएं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक के दौरान ईएनएलयू के सदस्यों ने मंत्रिमंडल को अपनी हाल की दिल्ली यात्रा और गुरुवार को तुएनसांग में ईएनपीओ पदाधिकारियों के साथ चर्चा के बारे में अवगत कराया। कैबिनेट और ईएनएलयू सदस्यों ने गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से ईएनपीओ से आगामी लोकसभा चुनावों से अनुपस्थित नहीं रहने की अपील करने का फैसला किया।
नागालैंड में एकमात्र लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।
घर में लगी आग, दम घुटने से हुई मौत
गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले में रविवार को एक मकान में आग लगी गई। इस कारण दम घुटने से एक बच्ची सहित परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई।
पुलिस इंस्पेक्टर टीसी पटेल ने बताया कि द्वारका शहर में आदित्य रोड पर स्थित मकान की पहली मंजिल पर तड़के करीब साढ़े तीन बजे आग लगी। आग लगने के समय परिवार के पांच सदस्य सो रहे थे। उन्होंने बताया आग लगने के बाद घर की बिजली गुल हो गई, जिससे परिवार के लोग बाहर निकलने का दरवाजा नहीं ढूंढ सके।
अग्निशमन कर्मी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मकान की पहली मंजिल पर एक व्यक्ति, उसकी पत्नी, उसकी आठ महीने की बेटी और उसकी मां बेहोश पड़ी हैं। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की दादी घर के भूतल पर एक कमरे में सो रही थीं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। आशंका जताई जा रही है कि एयर कंडीशनर के अत्यधिक गर्म होने के बाद उसमें विस्फोट होने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक विशेषज्ञ आग लगने के सही कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। मृतकों की पहचान पवन उपाध्याय (39), उसकी पत्नी तिथि (29), बेटी ध्याना और मां भवानीबेन (69) के रूप में हुई है।
ठाणे की दुकान से 1.05 करोड़ की ज्वैलरी चुराई
महाराष्ट्र के ठाणे में एक आभूषण शोरूम से कथित तौर पर 1.05 करोड़ रुपये मूल्य के 1.5 किलोग्राम सोने की हेराफेरी करने का मामले में एक 27 साल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अभय महाजन ने बताया कि आभूषण शोरूम के मालिक की शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले दो वर्षों से उनके प्रतिष्ठान में काम कर रहा था और दिन के अंत में अलमारी में सोना रखने के लिए जिम्मेदार था।
तलाओ पाली इलाके में स्थित आभूषण की दुकान के मालिक ने चोरी के संबंध में 25 मार्च को पुलिस से संपर्क किया था, जिसके बादआरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा कि दुकान पर बिक्री की देखरेख करने वाले आरोपी ने नवंबर 2023 और मार्च 2024 के बीच कथित तौर पर कुल 1.59 किलोग्राम वजन के 70 आभूषण चुराए, जिनकी कीमत लगभग 1,05,55,766 रुपये थी।
आरोपी आछ मार्च, 2024 से काम से अनुपस्थित था और 15 मार्च को उसकी पत्नी ने उसके लापता होने की सूचना दी थी। अधिकारी ने बताया कि जांच के अनुसार वह पकड़े जाने से बचने के लिए पड़ोसी राज्य मुंबई, मध्य प्रदेश के इंदौर, गुजरात और अन्य स्थानों पर गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह 26 मार्च को मीरा रोड इलाके में अपनी प्रेमिका से मिलने आने की योजना बना रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नजर रखी और आरोपी के वहां पहुंचने पर उसे पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति से पूछताछ के बाद पुलिस को पता चला कि चोरी से मिलने वाले पैसों से वह एशोआराम से जी रहा था जिसमें पब और पांच सितारा होटलों का लगातार आना-जाना शामिल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से अब तक करीब 62.10 लाख रुपये कीमत के 900 ग्राम आभूषण बरामद किए गए हैं।
शाहजहां शेख के भाई की CBI हिरासत पांच दिन बढ़ी
पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले की एक अदालत ने रविवार को संदेशखाली कांड के मुख्य आरोपी शाहजहां शेख के भाई शेख आलमगीर की पांच दिन की सीबीआई हिरासत बढ़ा दी है। बशीरहाट उप-विभागीय अदालत के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने एक अन्य सहयोगी मफिजुर मोल्ला को भी सीबीआई हिरासत में भेज दिया। शेख आलमगीर और मफिजुर मोल्ला को उनकी नौ दिन की सीबीआई हिरासत, जो 22 मार्च को सुनाई गई थी, रविवार को समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया था।
एयरपोर्ट पर ड्रग्स के साथ पकड़ा एक यात्री
डीआरआई मुंबई के अधिकारियों ने 28 मार्च को सीएसएमआई एयरपोर्ट मुंबई पर सिएरा लियोन के एक नागरिक को ड्रग्स ले जाने के संदेह में रोका। पूछताछ करने पर यात्री ने तस्करी के लिए ड्रग्स कैप्सूल खाने और उसे अपने शरीर में ले जाने की बात स्वीकार की। कुल 74 कैप्सूल में 1108 ग्राम कोकीन थी। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल लॉन्च
भारतीय सेना की उत्तरी कमान ने बताया कि ध्रुव ब्रह्मोस योद्धाओं ने अंडमान और निकोबार में सटीकता और ताकत का प्रदर्शन करते हुए ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। मिसाइल ने लक्ष्य पर सटीकता और घातकता के साथ हमला किया।
चोरी के आरोप में नागपुर का आरोपी गिरफ्तार
नागपुर पुलिस ने 27 वर्षीय एक आदमी को गिरफ्तार किया है, जो नए मोबाइल खरीदने के लिए एक घर में घुसा था। सीताबर्डी पुलिस थाने के अफसर ने बताया कि आरोपी सूरज सिद्धार्थ सोमकुवर के पास से नौ मोबाइल जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 2.5 लाख रुपये है। साथ भी आरोपी के पास से आभूषण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महंगे मोबाइल का दीवाना था, वह अपने जुनून को पूरा करने के लिए चोरी करता था।
ओडिशा में हिरण की खाल, सींग जब्त, तीन गिरफ्तार
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वन अधिकारी ने बताया कि उनके कब्जे से चित्तीदार हिरण की खाल और सींग जब्त किए गए हैं। भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के सहायक मुख्य संरक्षक मानस कुमार दास ने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर वन कर्मियों ने शनिवार रात देबेंद्रनारायणपुर गांव के दो घरों पर छापा मारा था, जहां से तीनों गिरफ्तारियां और समान की जब्तियां की गईं। उन्होंने सींग और खाल निकालने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई हैं।
तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने पुडुचेरी में चुनाव अभियान चलाया।