फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: असम उपचुनाव में कांग्रेस सभी पांच सीटों पर लड़ेगी चुनाव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बयान

Tue, 16 Jul 2024 03:25 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

बंगलूरू की एक विशेष अदालत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दायर किए गए एक निजी शिकायत पत्र को खारिज कर दिया है। उधर, मणिपुर में उग्रवादी संगठन केसीपीएन के पांच सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। पढ़ें देश की बड़ी खबरें।

 
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगलूरू की एक विशेष अदालत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दायर किए गए एक निजी शिकायत पत्र को खारिज कर दिया है। अदालत में जियाउर रहमान नाम के व्यक्ति ने शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में इस वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी के बयान का जिक्र किया गया था। लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी रैलियों में पीएम मोदी ने कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो जनता की संपत्ति अल्पसंख्यकों में बांट देगी। विशेष अदालत में न्यायाधीश के एन शिवकुमार द्वारा शिकायत पत्र को खारिज किया गया।

विज्ञापन

 

मणिपुर: उग्रवादी संगठन केसीपीएन के पांच सदस्य गिरफ्तार

मणिपुर के थोउबल जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कंगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (नोंगड्रेनखोम्बा) के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों द्वारा अपहृत किए गए एक व्यक्ति को सोमवार को खोंगजोम टेकचाम इलाके में एक अभियान के दौरान छुड़ा लिया और उग्रवादियों के पास से हथियार व गोला बारूद बरामद किए। गिरफ्तार लोगों की पहचान कोनसाम रोहित सिंह (23), यांगलेम बिकास मेइती (24), थांगजाम चन्बा सिंह (27), मोइरांगथेम आनंद सिंह (37) और केइशाम नेल्सन सिंह (28) के रूप में की गयी है। उनके पास से 9 एम एम की चार पिस्तौल, 18 से अधिक कारतूस, चार पहिया एक वाहन और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस बीच, रविवार को जिरिबाम जिले के मोंगबुंग गांव में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की हत्या के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया तथा इलाके से हथियार व गोला बारूद बरामद किए।
 

पुरी रत्न भंडार गुरुवार को फिर से खोला जाएगा, न्यायमूर्ति रथ ने दी जानकारी

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने मंगलवार को कहा कि रत्न भंडार का आंतरिक कक्ष गुरुवार को सुबह नौ बजकर 51 मिनट से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट के बीच फिर से खोला जाएगा ताकि आभूषणों को मंदिर में स्थित अस्थायी कोषागार में स्थानांतरित किया जा सके। यह निर्णय मंगलवार को यहां एसजेटीए के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी, रत्न भंडार को खोलने के दौरान देखरेख के लिए राज्य सरकार द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ, पुरी के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में हुई बैठक के दौरान लिया गया।

रत्न भंडार को 46 वर्षों के बाद रविवार को बहुमूल्य वस्तुओं की सूची बनाने और इसकी संरचना की मरम्मत के लिए पुनः खोला गया था। न्यायमूर्ति रथ ने कहा कि चूंकि सभी बक्सों को स्थानांतरित करना व्यावहारिक रूप से असंभव है इसलिए इन बक्सों में रखे कीमती सामान और आभूषणों को मंदिर परिसर में स्थापित अस्थायी कोषागार में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अस्थायी कोषागार में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए हैं।

 

असम उपचुनाव में पार्टी सभी पांच सीटों पर लड़ेगी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बयान

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य की उन सभी पांच विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी जहां उपचुनाव होने हैं। बोरा ने संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) को लेकर पार्टी के विरोध को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि ये निर्णय सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तर के पार्टी नेताओं के साथ हुई बैठक में लिए गए। यह बैठक सिंह की तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन हुई।

पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और भविष्य के लिए रणनीति बनाने की खातिर जितेंद्र सिंह की योजना सांसदों, विधायकों और अन्य नेताओं के साथ बैठकें करने की है। निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं की है। सामागुड़ी, बेहली, धोलाई, सिदली और बोंगाईगांव विधानसभा सीटें, निवर्तमान विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हो गई हैं। इनमें से सिर्फ समागुड़ी सीट कांग्रेस के पास थी, जबकि शेष सीटें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) एवं बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के पास थीं।
 
विज्ञापन

केरल: दीवार ढहने से मां-बेटे की मौत

केरल में इन दिनों भारी बारिश का दौर चल रहा है। सोमवार रात भारी बारिश के चलते एक मकान की दीवार गिरने से उसकी चपेट में आकर मां-बेटे की मौत हो गई। घटना पलक्कड़ जिले के वेदाक्केनचेरी पुलिस स्टेशन के कोट्टेकाड इलाके की है। पुलिस ने बताया कि मां और बेटा रात में अपने घर में सो रहे थे। भारी बारिश के चलते उनके मकान की दीवार ढह गई, जिससे उसके पास हो रहे मां बेटे की मलबे की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुलोचना (53 वर्षीय) और उसके बेटे रंजीत (33 वर्षीय) के रूप में हुई है। केरल में भारी बारिश के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं और कुछ जगहों पर भूस्खलन की भी घटनाएं हुई हैं। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें