मद्रास हाईकोर्ट ने 12 मार्च को केंद्र सरकार को एक नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। दरअसल, कोर्ट ने मदुरै जिले के थोपुर में एम्स के निर्माण में तेजी लाने की मांग करने वाली याचिका पर यह फैसला लिया है।
न्यायमूर्ति डी. कृष्णकुमार और न्यायमूर्ति विजयकुमार की खंडपीठ ने केके रमेश द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद यह नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
मेघालय के मुख्य वन संरक्षक का निधन
मेघालय के मुख्य वन संरक्षक एन लुईखम का पूर्वी खासी हिल्स जिले में स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके परिवार वालों ने उन्हें कमरे की छत से लटका पाया। परिवार वाले उन्हें शिलॉन्ग सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस की एक टीम इस मामले की जांच के लिए उनके घर गई।
वाहन के वजन से ढह गया गटर का स्लैब, एक डंपर क्लिनर की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में वाहन के वजन गटर का स्लैब ढह गया। इस हादसे में एक 25 वर्षीय डंपर क्लीनर की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार की दरमियानी रात को मीरा भयंदर इलाके के पास घटी। वाहन के वजन से गटर का स्लैब ढह गया, जिसके कारण उसमें रेत फैलने लगी और इसमें डंपर क्लीनर दब गया। डंपर को बाहर निकालने के बाद निकाय अधिकारियों ने डंपर क्लिनर का शव दिखा। इस मामले में डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीआरआई की कार्रवाई में 12 लोगों की गिरफ्तारी
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पूरे भारत में एक समन्वित अभियान में 12 और 13 मार्च को गुवाहाटी, बारपेटा, मुजफ्फरपुर, अररिया और गोरखपुर में 61 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना, 13 लाख रुपये नकद और 19 वाहन जब्त किए, जिसमें 12 लोगों को गिरफ्तार किया।
जमात-ए-इस्लामी जम्मू-कश्मीर पर लग सकता है प्रतिबंध
भारत सरकार ने जमात-ए-इस्लामी जम्मू-कश्मीर (जेईआई) पर प्रतिबंध लगा सकता है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को एक गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) न्यायाधिकरण के गठन की घोषणा की, जो यह फैसला करेगा कि जमात-ए-इस्लामी, जम्मू-कश्मीर को गैरकानूनी संगठन घोषित करने के लिए पर्याप्त कारण हैं या नहीं। न्यायाधिकरण में दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश नवीन चावला शामिल होंगे। गृह मंत्रालय ने 27 फरवरी, 2024 को जेईआई को गैरकानूनी संगठन घोषित किया था।
डीआरआई ने सोना तस्करी सिंडिकेट का खुलासा किया, 40 करोड़ का सोना पकड़ा
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोना तस्करी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का फंडाफोड़ किया है। डीआरआई ने विदेश से तस्करी कर लाए गए करीब 40 करोड़ मूल्य के 61.08 किलोग्राम सोना भी पकड़ा है। सिंडिकेट को पकड़ने के लिए एजेंसी ने राइजिंग सन कोड नाम से ऑपरेशन चलाया था। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए चलाए गए डीआरआई के ऑपरेशन की सराहना की है। बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि ऑपरेशन राइजिंग सन 12 और 13 मार्च को चलाया गया। गुवाहाटी, बारपेटा, दरभंगा, गोरखपुर और अररिया में सोना के अलावा 19 वाहन, नकदी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने गुवाहाटी में सिंडिकेट के छह सदस्यों को पकड़ा था, जिसमें दो मास्टरमाइंड थे। इनके पास से 22.74 किलोग्राम सोना, 13 लाख रुपये नकद, वाहन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए।
ईडी ने 5,000 करोड़ के साइबर अपराध मामले में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने साइबर अपराध और ऑनलाइन गेमिंग के जरिये आम लोगों से करीब 5,000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में दिल्ली के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय एजेंसी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि साइबर जालसाज और दिल्ली के ग्रेटर कैलाश के निवासी आशीष कक्कड़ को दो मार्च को गुरुग्राम के हॉलिडे इन होटल से पकड़ा गया। ईडी ने कहा कि एक विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने उसे 12 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। एजेंसी ने आरोप लगाया कि कक्कड़ 2020-2024 की अवधि के दौरान पूरे भारत में चल रहे विभिन्न साइबर अपराधों और ऑनलाइन गेमिंग से 4,978 करोड़ रुपये हासिल करने वाले एक सिंडिकेट का बड़ा सरगना रहा है।
असम में सीएए का विरोध कर रहे लोगों से डीजीपी की अपील
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर असम में कुछ समूह विरोध प्रदर्शन पर उतर आए हैं। इसको लेकर पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने बुधवार को लोगों से सड़क पर हिंसा न करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके बजाय शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीकों से मुद्दों को हल किया जाए तो बेहतर होगा। बता दें कि नागरिकता संशोधन अधिनियम या सीएए का विरोध करने वाले विभिन्न संगठनों के कारण पूरे असम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीबीआई ने शाहजहां शेख के भाई को किया तलब
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में पांच जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर भीड़ के हमले के संबंध में सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस के निलंबित नेता शाहजहां शेख के भाई और उनके कुछ करीबी अन्य लोगों को पूछताछ के लिए तलब किया।
गौरव गोगोई बोले- आम चुनाव के बाद लोग देखेंगे नया भारत
आगामी लोकसभा चुनाव से पहले सियासी दलों के नेता एक-दूसरे पर हमला हैं। इस बीच, लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि आम चुनाव के बाद देश के लोग 'नया भारत' देखेंगे। जोरहाट सीट से उम्मीदवार घोषित होने बाद गोगोई असम कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। गोगोई ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लागू करने के समय पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, चुनावी बॉन्ड पर शीर्ष अदालत के फैसले से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया गया है।