घरेलू काले धन को वैध बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई आय घोषणा योजना (आईडीएस) 2016 की अवधि बीतने के बाद देशभर में ताबड़-तोड़ छापे डालने की तैयारी है। छापे उनके यहां पड़ेंगे, जिनके पास काला धन तो है, लेकिन उन्होंने आईडीएस में इसका खुलासा नहीं किया। इस योजना के तहत काले धन का खुलासा शुक्रवार को आधी रात तक ही किया जा सकता है।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि काले धन के खिलाफ चलायी गई मुहिम को अब विशेष गति दी जाएगी। इसके लिए देशभर में इंवेस्टिगेशन विंग की रिक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जा रहा है। हालांकि फिलहाल नई भर्ती के जरिये नियुक्ति संभव नहीं है, लेकिन जरूरत के अधार पर किसी अन्य दफ्तर से अधिकारियों, इंस्पेक्टरों एवं अन्य सर्पोटिंग स्टाफ की तैनाती की जा रही है। इससे छापे की कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सकेगा।
आयकर विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि दिल्ली में इंवेस्टिगेशन विंग में इंस्पेक्टर पद को ही देखा जाए तो वहां अभी महज 70 लोग तैनात हैं। दिल्ली कार्यालय के काम के दायरे को देखें तो यहां कम से कम 150 इंस्पेक्टर होने चाहिए। अब अगले हफ्ते से सर्च और सीजर ज्यादा होंगे, इसके लिए कुछ कर्मचारियों एवं अधिकारियों को दूसरे स्थानों से यहां तैनात किया जा रहा है। कुछ लोगों ने यहां कार्यभार संभाल लिया है।